हिंदी
West Delhi: दिल्ली के पश्चिम विहार (West Vihar) इलाके में स्थित 24HS FITNESS DELHI जिम पर बुधवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हमलावरों ने जिम के शीशों पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे कांच क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे ताकि पहचान न हो सके। हमलावरों ने कुछ ही सेकंड में फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायरिंग से केवल जिम के शीशों को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
इस फायरिंग की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) से जुड़े अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए ली है। उसने दावा किया कि यह हमला एक संदेश देने के लिए किया गया है।
गैंगस्टर ने अपने दावे में कहा कि यह जिम पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा (Guru Randhawa) से जुड़ा है और उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच में इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि जिम का गुरु रंधावा से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।
पुलिस के अनुसार, यह जिम टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या गैंगस्टर ने जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने और दहशत पैदा करने के लिए नाम जोड़ा है।
डीसीपी आउटर के अनुसार, पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
इस घटना के बाद गैंगस्टर की धमकी और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 11 June 2026, 6:46 PM IST