शांत वादियों में सनसनी: उत्तरकाशी में चाचा का सिर धड़ से अलग कर फरार हुआ भतीजा, मामला सुन कांप उठेगी रूह

उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक स्थित बरी गांव में मामूली कहासुनी के बाद भतीजे ने चाचा करम चंद पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, वहीं पुलिस टीमों का गठन कर उसकी तलाश में जुट गई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 8 September 2026, 12:32 PM IST

Uttarkashi: उत्तरकाशी जिले के सीमांत मोरी ब्लॉक के फतेपर्वत पट्टी स्थित बरी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक परिवार का चिराग अपनों की ही नफरत की बलि चढ़ गया। भतीजे ने गुस्से में आकर अपने ही सगे चाचा पर धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

कहासुनी से भड़का विवाद, गर्दन और हाथ पर किए वार

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह गांव निवासी करम चंद उर्फ गांधी (पीड़ित) और उनके भतीजे सुमन चंद्र उर्फ सुबेन के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि सुमन ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली।

सुमन ने बिना कुछ सोचे-समझे चाचा करम चंद की गर्दन और हाथों पर कुल्हाड़ी से कई घातक वार कर दिए। खून से लथपथ करम चंद ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमन मौके से फरार हो गया।

क्रिप्टो और म्यूल अकाउंट का खतरनाक खेल: उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार

गांव में फैला सन्नाटा, पुलिस ने शुरू की धरपकड़

सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे बरी गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मोरी थाने के थानाध्यक्ष दीपक रावत पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस उपाधीक्षक ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि क्षणिक गुस्सा किस तरह हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर सकता है।

Location :  Uttarkashi

Published :  8 September 2026, 12:32 PM IST