UBSE Result 2026: उत्तराखंड बोर्ड में फिर बेटियों का दबदबा, हाईस्कूल में 92.10% पास

UBSE Result 2026: उत्तराखंड बोर्ड 2026 के नतीजों में 10वीं में 92.10% और 12वीं में 85.11% छात्र पास हुए। दोनों परीक्षाओं में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। हाईस्कूल में अक्षत गोपाल और इंटर में गीतिका पंथ व सुषिला मेहंदी रत्ता टॉपर रहीं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 April 2026, 11:34 AM IST

Ramnagar: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) ने शनिवार को हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए। इस साल भी छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा, खासकर छात्राओं ने दोनों परीक्षाओं में बाजी मारी। कुल परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर दर्ज किया गया है।

हाईस्कूल में 92.10% छात्र सफल

हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,12,266 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1,00,373 छात्र सफल घोषित किए गए। इस तरह कुल पास प्रतिशत 92.10% रहा। बालकों का पास प्रतिशत 88.03% रहा, जबकि बालिकाओं ने 96.07% के साथ शानदार प्रदर्शन किया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.4% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 65.05% रहा।

मेरिट में अक्षत गोपाल ने किया टॉप

हाईस्कूल मेरिट सूची में 207 छात्रों ने जगह बनाई। रामनगर (नैनीताल) के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में 491 अंक (98.20%) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तरकाशी के ईशांत कोठारी और नैनीताल की भूमिका पंत ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। बागेश्वर के योगेश जोशी तीसरे स्थान पर रहे।

UK Board Result 2026: UBSE ने जारी किए कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे, ऐसे करें चेक

इंटरमीडिएट में 85.11% रहा परिणाम

इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,02,986 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 85,499 छात्र सफल हुए और कुल पास प्रतिशत 85.11% रहा। यहां भी छात्राओं ने बाजी मारी। बालकों का पास प्रतिशत 81.93% और बालिकाओं का 88.09% दर्ज किया गया।

इंटर में संयुक्त रूप से टॉपर

इंटरमीडिएट मेरिट सूची में 105 छात्रों ने स्थान बनाया। बागेश्वर की गीतिका पंथ और उधम सिंह नगर की सुषिला मेहंदी रत्ता ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। देहरादून के आर्यन दूसरे और हरिद्वार की वंशिका तीसरे स्थान पर रहीं।

श्रेणीवार प्रदर्शन भी बेहतर

दोनों परीक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रथम और द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की। हाईस्कूल में 7,935 और इंटर में 7,814 छात्रों ने 75% से अधिक अंक प्राप्त किए। इससे यह साफ है कि छात्रों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।

Uttarakhand: रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़ा गया उद्यान निरीक्षक

शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

राज्य के शिक्षा मंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है और छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

बेटियों का दबदबा कायम

इस साल के नतीजों की सबसे खास बात यह रही कि छात्राओं ने हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया। चाहे पास प्रतिशत हो या मेरिट सूची, हर जगह बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

Location :  Ramnagar

Published :  25 April 2026, 11:34 AM IST