नैनीताल जिले के भीमताल विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले… पढ़ें पूरी खबर

जिलाधिकारी ने विकास कार्य की समीक्षा
Nainital: नैनीताल जिले के भीमताल विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले, यानी 10 मार्च तक, सभी योजनाओं में बची हुई धनराशि का पूर्ण और समयबद्ध व्यय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बीस सूत्री कार्यक्रम की सभी मदों में जिले का प्रदर्शन ए श्रेणी में बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
क्या है पूरी खबर?
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में हुए सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के हों और इसके लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर व्यक्तिगत सत्यापन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही जो भी सामग्री इस वर्ष विभाग में खरीदी गई है, उसकी शत प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने और उसका भौतिक सत्यापन करने के भी आदेश दिए गए। उन्होंने आगामी जिला योजना 2026-27 की तैयारियों के लिए भी कहा कि विभागीय प्राथमिकता के अनुसार योजनाओं का चयन कर संरचना तैयार की जाए। चालू कार्यों के साथ ही जनहित के मामलों को भी प्राथमिकता दी जाए।
नगर निकायों को नियमित सफाई
जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण एजेंसियों को मौसम अनुकूल होने के साथ हॉटमिक्स और डामरीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने, क्षतिग्रस्त क्रेशबैरियर बदलने और लगातार निगरानी रखकर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वच्छता के संबंध में सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को नियमित सफाई अभियान चलाने और कूड़ा-करकट का सही निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी ने जिले की झीलों में जाल आदि के माध्यम से पानी की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सैनिटोरियम के पास स्थित वन चौकी को कैंची भवाली बाईपास मार्ग पर नव निर्मित वन चौकी में शिफ्ट करने का आदेश वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को दिया। दुग्ध विकास विभाग को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि दुग्ध समिति के प्राथमिक सदस्यों को अच्छी नस्ल की दुधारू गाय यूनिट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए और हर लाभार्थी को योजनाओं का लाभ मिले।
सीमा सुरक्षा को लेकर भारत–नेपाल में उच्चस्तरीय समन्वय, चुनाव से पहले बॉर्डर सील पर बनी सहमति
ए श्रेणी में लाने के निर्देश
उन्होंने कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम की मांग आधारित सभी लक्ष्य पूर्ण होने चाहिए और तकनीकी उपाय अपनाकर हर मद ए श्रेणी में रहे। बाल विकास विभाग और पेयजल विभाग को वर्तमान में डी श्रेणी में होने के बावजूद निर्धारित लक्ष्य पूर्ण कर ए श्रेणी में लाने के निर्देश दिए।निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनकी थर्ड पार्टी सत्यापन कराते हुए अवशेष धनराशि शीघ्र मांग ली जाए, ताकि 10 मार्च से पूर्व सभी धनराशि का शत प्रतिशत व्यय सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, अर्थसंख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।