हिंदी
प्रदूषण पर प्रशासन की कड़ी नजर
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम के आसपास अवैध रूप से फैल रहे प्रदूषण को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंदिर के आसपास मौजूद कई होटल और रेस्तरां संचालकों पर पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। हाल ही में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन द्वारा किए गए संयुक्त सर्वे में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
जिला प्रशासन, नगर पालिका भुवाली और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने पिछले कुछ दिनों में कैंची धाम क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। जांच में यह पाया गया कि कई होटल और रेस्तरां बिना किसी उचित व्यवस्था के कचरा और गंदा पानी खुले में बहा रहे हैं। इससे न केवल आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र से होकर गुजरने वाली शिप्रा नदी पर भी प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है।
टीम ने बताया कि अधिकांश प्रतिष्ठानों में कचरे के निस्तारण की व्यवस्था नहीं है, वहीं कई स्थानों पर सीवरेज सिस्टम भी नदारद मिला। कचरा और अपशिष्ट जल सीधे खुले क्षेत्रों और ढलानों की ओर बहाया जा रहा था, जो पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है।
नैनीताल में आग की बढ़ती घटनाओं पर प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी ने हाईड्रेंट सिस्टम की जांच के दिए आदेश
संयुक्त सर्वे के दौरान कुल सात होटल और रेस्तरां ऐसे पाए गए, जहां नियमों का उल्लंघन और प्रदूषण फैलाने की पुष्टि हुई। इनमें से दो पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कड़ी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है।
जबकि बाकी पांच संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नोटिस में पूछा गया है कि पर्यावरण संबंधी मानकों का पालन अब तक क्यों नहीं किया गया और प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी अनुराग नेगी के अनुसार, यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और प्रशासन की सतर्कता के बाद शुरू की गई है। उनका कहना है कि यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो इन प्रतिष्ठानों पर जुर्माना, लाइसेंस रद्दीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
हल्द्वानी के होटल में मिला महिला का शव, इलाके में हड़कंप; जानें पूरा मामला
नेगी ने बताया कि कैंची धाम देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का केंद्र है, ऐसे में यहां स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदूषण को रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी के साथ-साथ संचालकों का भी दायित्व है।
प्रशासन का कहना है कि जांच आगे भी जारी रहेगी और यदि क्षेत्र में अन्य होटल-रेस्तरां भी दोषी पाए गए, तो उन पर भी इसी तरह की कार्रवाई होगी। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सभी प्रतिष्ठानों को पर्यावरण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कैंची धाम के आसपास फैला प्रदूषण अब प्रशासन की निगरानी में है और आने वाले दिनों में इस मामले में कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
Location : Nainital
Published : 11 December 2025, 5:20 PM IST
Topics : #Bhawali Hotel Restaurant Notice Kainchi Dham Pollution Investigation Uttarakhand Pollution Control Board