नैनीताल की प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय पहचान का मौका, पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नैनीताल प्रशासन ने योग्य व्यक्तियों और संस्थाओं से 31 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की अपील की है।

Nainital: पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है और केंद्र सरकार ने इस बार चयन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी तथा व्यापक बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने भी इसी क्रम में नैनीताल जनपद के योग्य व्यक्तियों और संस्थाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नामांकन प्रस्तुत करें, ताकि जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने से वंचित न रह जाएं।

कर्मयोगियों को राष्ट्र के सामने लाना

भारत सरकार द्वारा प्रदत्त पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं। वर्ष 1954 से शुरू हुई यह परंपरा आज भी उन लोगों को सम्मानित करती है, जिन्होंने कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, समाज सेवा, जनसंपर्क, व्यापार उद्योग और सिविल सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में असाधारण योगदान दिया है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य किसी भी प्रकार के जातीय, पद, पेशे या लिंग आधारित भेदभाव से दूर रहकर सच्चे कर्मयोगियों को राष्ट्र के सामने लाना है।

अन्य स्रोतों से योग्य नामांकन आमंत्रित किए गए

सरकार ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, सरकारी विभागीय संस्थाओं और अन्य स्रोतों से योग्य नामांकन आमंत्रित किए हैं। नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए विस्तृत दिशानिर्देश निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नामांकन भेजते समय उम्मीदवार की उपलब्धियों, समाज के प्रति उनके योगदान और सार्वजनिक हित में किए गए कार्यों का संपूर्ण विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

प्रतिभाशाली व्यक्तियों की तलाश पर जोर

पिछले वर्षों में कई ऐसे प्रतिभाशाली और समर्पित व्यक्ति सामने आए हैं, जो चर्चा और प्रचार से दूर रहने के कारण नामांकन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए। इस बार ऐसे लोगों की पहचान के लिए सभी विभागों और संस्थाओं को विशेष खोज समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वास्तविक रूप से योग्य नाम राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया तक पहुंच सकें। प्रशासन ने विशेष रूप से महिलाओं, कमजोर एवं वंचित वर्गों, अनुसूचित जाति–जनजाति और दिव्यांगजनों में से प्रतिभाशाली व्यक्तियों की तलाश पर जोर दिया है।

Nainital News: मदरसन के श्रमिकों ने खत्म किया अनशन, कंपनी प्रबंधन ने किन मांगों को माना

पद्म पुरस्कार सामान्यत जीवित व्यक्तियों को ही प्रदान किया जाता है, हालांकि विशेष परिस्थितियों में, और वह भी तभी जब निधन हाल ही में हुआ हो, मरणोपरांत सम्मान दिए जाने की व्यवस्था है। जिन व्यक्तियों को पहले कोई पद्म सम्मान मिल चुका है, उन्हें उच्च श्रेणी के पुरस्कार के लिए तभी विचार किया जाएगा जब पिछला सम्मान मिले कम से कम पांच वर्ष बीत चुके हों। डॉक्टर और वैज्ञानिक इस प्रक्रिया में शामिल होते हैं, जबकि अन्य सरकारी कर्मचारी, जिनमें सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी भी शामिल हैं, पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।

नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के नागरिकों से विशेष आग्रह करते हुए कहा है कि योग्य लोग या संस्थाएं अपने नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर जल्द से जल्द दर्ज करें। पद्म पुरस्कार 2027 के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू हो चुके हैं और अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि यह अवसर उन सभी के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने जीवन भर समाज और राष्ट्र के लिए विशिष्ट योगदान दिया है और जो अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता का प्रतीक माने जाते हैं।

Location :  Nainital

Published :  25 April 2026, 3:33 PM IST

Advertisement