Nainital News: मदरसन के श्रमिकों ने खत्म किया अनशन, कंपनी प्रबंधन ने किन मांगों को माना

लालकुआं में मदरसन कंपनी का श्रमिक विवाद प्रशासनिक प्रयासों के बाद सुलझ गया है। श्रमिकों ने अनशन खत्म कर काम पर लौटने का फैसला लिया। उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

Nainital: लालकुआं औद्योगिक क्षेत्र में मदरसन कंपनी के कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच पिछले कई दिनों से चला आ रहा तनाव आखिरकार मंगलवार को समाप्त हो गया। जिला प्रशासन, श्रम विभाग और नैनीताल पुलिस की संयुक्त पहल के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते का दौर सफल रहा, जिसके बाद श्रमिकों ने अनशन समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया। इससे फैक्ट्री में ठप पड़ा काम अब दोबारा पटरी पर लौटने की तैयारी में है।

कई चरणों में चली बातचीत के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन को आमने-सामने बैठाकर मुद्दों पर शांतिपूर्वक चर्चा कराई। श्रमिकों की ओर से उठाई गई कुल चौदह मांगों में से बारह को कंपनी प्रबंधन ने तुरंत मान लिया, जबकि दो मांगों पर शासन स्तर पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। समझौता होने के बाद सभी कर्मचारी वापस फैक्ट्री में शामिल हो गए और बुधवार से कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।

श्रमिकों के शांत रवैये की सराहना

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने श्रमिकों के शांत रवैये की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने संयम बनाए रखा और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी। पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं और जायज मांगों को हल करने में वे हमेशा सहयोग के लिए तैयार हैं।

अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा

इधर, पुलिस ने उन बाहरी तत्वों पर भी सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है जो श्रमिकों की आड़ में वातावरण बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। जांच में सामने आया कि कुछ उपद्रवी लोग नोएडा जैसी हिंसक परिस्थिति दोहराने की योजना बना रहे थे। पुलिस कार्य में बाधा डालने, सुरक्षा बैरियर तोड़ने और मजदूरों को भड़काने के आरोप में 20 से 30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों पर गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने दो टूक कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन ने यह संदेश भी साफ कर दिया है कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा की जाएगी, लेकिन किसी को भी हिंसा फैलाने या माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Location :  Nainital

Published :  21 April 2026, 7:28 PM IST

Advertisement