बेखौफ बदमाशों ने चलाई गोली तो पुलिस ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब, रुड़की मर्डर केस में मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

रुड़की के ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हुआ, जबकि उसके 2 साथी फरार हैं। पुलिस कांबिंग ऑपरेशन चलाकर तलाश कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 August 2026, 8:58 AM IST

Roorkee: उत्तराखंड के रुड़की स्थित ढंडेरा में शुक्रवार देर रात हुई शराब कैंटीन संचालक अमन की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घर लौटते समय बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अमन को निशाना बनाकर गोलियों से भून दिया था।

इस सनसनीखेज वारदात को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन पुलिस और स्पेशल टीम ने घटनास्थल के पास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस को वारदात में शामिल संदिग्धों के हुलिए और भागने के रास्ते का अहम सुराग हाथ लगा।

नगला इमरती के पास देर रात आमना-सामना

शनिवार देर रात पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी एक बिना नंबर की बाइक से नगला इमरती रोड की तरफ भागने की फिराक में हैं। सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने आपा खो दिया और पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बड़ी खबर: उत्तराखंड के पीपलकोटी में THDC सुरंग धंसी, कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जवाबी कार्रवाई में सौरभ को लगी गोली

पुलिस ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली मुख्य आरोपी सौरभ (पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा) के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। हालांकि, उसके दो अन्य साथी रात के अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस ने घायल सौरभ को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

अब डॉक्टरों की कमी ज्यादा दिन नहीं रहेगी, उत्तराखंड में 252 नए चिकित्सकों की नियुक्ति पूरी! जानिए मरीजों को कैसे मिलेगी राहत

हत्या की वजह का होगा पर्दाफाश, जंगलों में कांबिंग जारी

अस्पताल में शुरुआती पूछताछ के दौरान घायल बदमाश सौरभ ने स्वीकार किया कि शुक्रवार रात अमन की हत्या में वह अपने दोनों साथियों के साथ शामिल था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और आसपास के जंगलों व संभावित ठिकानों पर सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही इस पूरी वारदात के पीछे की मुख्य वजह और साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।

Location :  Roorkee

Published :  23 August 2026, 8:58 AM IST