
भीमताल में विकास कार्यों की समीक्षा
Nainital News: नैनीताल जिले के भीमताल में मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिले की विकास योजनाओं को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, जलागम प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मंत्री ने साफ कहा कि नैनीताल जिला प्रदेश का सबसे महत्वपूर्ण और वीवीआईपी क्षेत्र है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या है पूरी खबर?
बैठक में गर्मी और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक जाम और पेयजल संकट से निपटने के लिए पहले से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने वन विभाग को मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने और जंगलों में आग की घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण रखने के लिए 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने चीड़ के जंगलों से पीरूल एकत्र कर आग की रोकथाम में महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। झीलों के घटते जलस्तर को लेकर चिंता जताते हुए सिंचाई विभाग को स्थायी समाधान तलाशने के निर्देश दिए गए। साथ ही झीलों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। शिक्षा विभाग को सख्त संदेश देते हुए कहा गया कि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के साथ जर्जर भवनों की मरम्मत जल्द कराई जाए।
अवैध रूप से संचालित होम स्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और भीमताल क्षेत्र में घोषित स्वास्थ्य योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। पर्यटन विभाग को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाए, व्यू पॉइंट विकसित हों और साइन बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही अवैध रूप से संचालित होम स्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
तारबाड़ की योजना तैयार
पेयजल व्यवस्था को लेकर जल संस्थान को अलर्ट करते हुए कहा गया कि गर्मियों में किसी भी तरह की किल्लत नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था और टैंकरों की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए। जल जीवन मिशन के तहत अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने, पशुपालन को बढ़ावा देने और भीमताल में गौशाला निर्माण जल्द पूरा करने की बात कही गई। कृषि विभाग को फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तारबाड़ की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
महराजगंज: पकड़ी रेंज के जंगल में कई किलोमीटर तक धधकी आग, वन विभाग में हड़कंप
दायित्व को गंभीरता
सड़कों की स्थिति को लेकर भी सख्ती दिखाई गई और बरसात से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, केवाईसी कैंप लगाने और मानसून से पहले तीन माह का राशन वितरण पूरा करने को कहा गया। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने और खराब पोल व तारों को तुरंत ठीक करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में मंत्री ने स्पष्ट किया कि छोटी समस्याओं को नजरअंदाज न किया जाए और हर अधिकारी अपने दायित्व को गंभीरता से निभाए। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी काम करने में सक्षम नहीं हैं, वे स्पष्ट बताएं, उनकी जगह अन्य व्यवस्था की जाएगी। सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों, यह सुनिश्चित किया जाए।
Location : Nainital
Published : 21 April 2026, 8:54 PM IST
Topics : Bhimtal Nainital ram singh kaida Uttarakhand News