रामनगर में खेलती मासूम पर चढ़ा कूड़ा वाहन, हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश; इलाके में तनाव

रामनगर के पूछड़ी बिहारी टप्पर इलाके में कूड़ा वाहन की चपेट में आने से 6 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ नोकझोंक की और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 18 February 2026, 6:50 PM IST

Ramnagar: ग्राम पूछड़ी बिहारी टप्पर इलाके में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। छह वर्षीय मासूम आलिया अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक कूड़ा वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

चालक मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन तेज रफ्तार में था और लापरवाही से चलाया जा रहा था। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि वाहन चालक नाबालिग था। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

नानी और मामा के साथ रहती थी बच्ची

बताया जा रहा है कि मृतक बालिका आलिया अपने माता-पिता के बजाय अपनी नानी और मामा के साथ रह रही थी। परिवार की हालत पहले से ही संवेदनशील थी और इस हादसे ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

रामनगर में मासूम के साथ हैरान कर देने वाली हरकत, परिजनों का फूटा गुस्सा; जानें पूरा मामला

पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने लगी तो आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। कई लोग पुलिस वाहन के आगे खड़े हो गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

पुलिस के साथ नोकझोंक

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना था कि जब तक घटना में शामिल वाहन और चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव को नहीं ले जाने दिया जाएगा। कोतवाल ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस शव को अस्पताल ले जाने में सफल हुई।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

रामनगर तहसील दिवस में एडीएम की सख्ती, लापरवाह अधिकारियों को दी ये चेतावनी

गांव में शोक और आक्रोश

इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाया जाए और रिहायशी इलाकों में सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

Location : 
  • Ramnagar

Published : 
  • 18 February 2026, 6:50 PM IST