
पौड़ी में जन सहायता केन्द्र स्थापित
Pauri: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के अंतर्गत जनपद में मतदाता सूची से संबंधित सूचना, प्रतिक्रिया, सुझाव एवं शिकायतों के समाधान के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, पौड़ी गढ़वाल में जन सहायता केन्द्र (हेल्प डेस्क) स्थापित किया गया है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह ने बताया कि हेल्प डेस्क के संचालन के लिए राजेश कोहली, जिला स्वान प्रभारी, पौड़ी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। आमजन की सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनमें जनपद सीमा के बाहर से कॉल करने के लिए 01368-1950 और जनपद के भीतर से कॉल करने के लिए 1950 नंबर निर्धारित किया गया है।
मतदाताओं के लिए टोल-फ्री नंबर जारी
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से संबंधित कार्यों जैसे वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने, नया मतदाता पहचान पत्र बनवाने, नाम जोड़ने, संशोधन या अन्य किसी जानकारी के लिए उक्त हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकते हैं।
उत्तराखंड में बड़ा राजनीतिक कदम, धामी मंत्रिमंडल में शामिल हुए 5 नए चेहरे; जानें उनके नाम
उन्होंने बताया कि यह सुविधा कार्य दिवसों में उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए कोई स्थान नहीं है। एक भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छुटे नहीं इसे लक्ष्य के साथ कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण किया जाना है। एसआईआर कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। समय से सभी कार्य नियमानुसार पूर्ण किए जाएं। किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के कार्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में अनिवार्य रूप से बीएलओ जोड़ें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी दशा में कार्य अधूरा न रहने पाए। त्रुटिरहित व निष्पक्ष कार्य चुनाव आयोग के निर्देश अनुसार पूर्ण किए जाएं।
Location : Pauri
Published : 20 March 2026, 1:33 PM IST