नैनीताल में घूमने निकले 5 लोगों के साथ अचानक हुआ खौफनाक हादसा, 300 फीट गहरी खाई में गिरी Thar

हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Nainital: 15 अगस्त की छुट्टी मनाने नैनीताल पहुंचे पांच लोगों के लिए शनिवार की सुबह उस वक्त हादसे में बदल गई, जब उनकी Thar नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर मनसा देवी मंदिर के पास अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार तीन महिलाएं और दो पुरुष घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मनसा देवी मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित हुआ वाहन

जानकारी के मुताबिक Thar संख्या GJ 18 BK 9777 नैनीताल से कालाढूंगी की ओर जा रही थी। मनसा देवी मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार लोग राजस्थान समेत अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं और 15 अगस्त की छुट्टी मनाने नैनीताल आए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस, SDRF और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

रस्सियों के सहारे खाई से निकाले गए घायल

खाई करीब 300 फीट गहरी होने के कारण बचाव दल के सामने चुनौती बड़ी थी। SDRF और पुलिस कर्मियों ने रस्सियों की मदद से नीचे उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। इसके बाद सभी पांच घायलों को एक-एक कर खाई से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बचाव दल का सहयोग किया।

हादसे में पांच लोग घायल

कोतवाल राजेंद्र रावत के अनुसार हादसे में निधि श्रीवास्तव (22), गोरखपुर-नोएडा; शिवेंद्र श्रीवास्तव (25), निधि के भाई; लिवांशु (20), राजस्थान; ईश्वर्या (21), जयपुर और पिंकी (21), कानपुर घायल हुए हैं।

रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल, नैनीताल भेजा गया। इनमें दो घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

Location :  Nainital

Published :  15 August 2026, 1:56 PM IST

Related News

Advertisement