कामकाजी महिलाओं को बड़ी राहत: जिले में खुलेंगे सात शिशु सदन, बच्चों की देखभाल के लिए ये व्यवस्थाएं

मिशन शक्ति समर्थ योजना के तहत जिले में सात शिशु सदन शुरू होने जा रहे हैं। यहां छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों की सुरक्षित देखभाल होगी। सुबह से शाम तक संचालित होने वाले ये केंद्र महिलाओं को काम के दौरान बच्चों की चिंता से राहत देंगे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 December 2025, 11:42 AM IST

Nainital: नैनीताल जिले की कामकाजी महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मिशन शक्ति समर्थ योजना के अंतर्गत जिले में सात शिशु सदन यानी क्रैच केंद्र शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इन केंद्रों के संचालन की अनुमति मिल चुकी है और कुछ स्थानों पर जल्द ही बच्चों को रखना भी शुरू कर दिया जाएगा। इस पहल से नौकरीपेशा और श्रमिक वर्ग की महिलाओं को अपने छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर बड़ी राहत मिलने वाली है।

बच्चों के देखभाल की चिंता से मिलेगी मुक्ति

आज के समय में कामकाजी महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने बच्चों की सुरक्षा और देखरेख होती है। ऐसे में शिशु सदन महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरेंगे। इन केंद्रों में छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित वातावरण में रखा जाएगा, जिससे महिलाएं निश्चिंत होकर अपने कार्यस्थल पर काम कर सकेंगी।

बाथरूम में मौत का जाल: गैस गीजर से दम घुटने से किशोरी की दर्दनाक मौत, परिजन सदमे में

बच्चों की देखरेख के लिए प्रशिक्षित स्टाफ

शिशु सदनों में बच्चों की देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ एक हेल्पर और एक महिला कर्मचारी की तैनाती की जाएगी। इससे बच्चों को न केवल सुरक्षित माहौल मिलेगा, बल्कि उनकी देखरेख भी बेहतर तरीके से हो सकेगी। स्टाफ बच्चों के स्वास्थ्य, खानपान और गतिविधियों पर विशेष ध्यान देगा।

इन केंद्रों में बच्चों के प्रवेश के लिए माता और बच्चे का आधार कार्ड जमा करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बनाए रखना और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।

समय और सुविधाएं

क्रैच केंद्र सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इस दौरान बच्चों के लिए खिलौनों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास हो सके। साथ ही बच्चों को हल्का जलपान भी उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का उद्देश्य बच्चों को ऐसा माहौल देना है, जिसमें वे सुरक्षित, खुश और सक्रिय महसूस करें।

बारिश गायब, ठंड हावी: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

इन क्षेत्रों में खुलेंगे शिशु सदन

जिले के दो विकासखंडों में इन शिशु सदनों का संचालन किया जाएगा। हल्द्वानी ब्लॉक के तल्ली बमौरी, राजपुरा, बनभूलपुरा, दमुवादूंगा वार्ड-36, प्रेमपुर लोशज्ञानी उदय लालपुर में केंद्र खोले जाएंगे। वहीं रामनगर ब्लॉक के बंबाघेर और गोपाल मालधन नगर में भी शिशु सदन स्थापित किए जाएंगे।

प्रशासन की पहल

जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट ने बताया कि शिशु सदनों के शुरू होने से महिलाओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय स्तर पर निगरानी भी रखी जाएगी, ताकि केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 15 December 2025, 11:42 AM IST