

नैनीताल के नए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पर्यटन, ट्रैफिक व्यवस्था, विकास कार्य और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल
Nanital: नैनीताल जिले के नए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को नैनीताल के जिलाधिकारी कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने सबसे पहले कोषागार पहुंचकर अभिलेखों और स्टाम्प से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया और तत्पश्चात औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम जनता के कार्यों को समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ पूरा करना होगी। साथ ही शासन की योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित करना भी उनके प्रमुख लक्ष्य होंगे।
जिलाधिकारी ने जिले में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए वह लगातार मॉनिटरिंग करेंगे ताकि निर्धारित समय में विकास कार्य संपन्न हों।
Nainital: बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़, पढ़ाई की जगह बच्चों से स्कूल में करा रहे ये काम
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ जिले में चल रहे विकास और राजस्व कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता से मिलने का समय निर्धारित करें और संवादहीनता न होने दें।
जिलाधिकारी ने ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, पंचायतीराज और नगर विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और कहा कि प्रत्येक लाभार्थी को योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए प्राथमिकता और समयबद्धता से काम किया जाए। उन्होंने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, यूसीसी प्रमाण पत्र और लंबित न्यायालयीन वादों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
Nainital News: रामनगर शहर की सुरक्षा रामभरोसे, शोपीस बने 53 सीसीटीवी कैमरे
नवागंतुक जिलाधिकारी के आगमन पर कलक्ट्रेट में पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार और शैलेन्द्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।