Nainital: सोशल मीडिया का दुरुपयोग करना पड़ा महंगा, पुलिस पहुंची शख्स के घर

हल्द्वानी में इंस्टाग्राम पर तमंचे के साथ रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।

Nainital: हल्द्वानी में सोशल मीडिया का दुरुपयोग करना एक शख्स को महंगा पड़ गया। अवैध तमंचे के साथ अपनी तस्वीर साझा करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। युवक ने इंस्टाग्राम पर तमंचे के साथ रील और फोटो पोस्ट की थी, जिसके चलते स्थानीय लोगों में भय का माहौल बनने लगा।

मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने इसे गंभीर मानते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी की निगरानी में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सोमवार, 1 अप्रैल 2026 की दोपहर को क्रियाशाला मंदिर के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी युवक की पहचान

पकड़े गए युवक की पहचान 19 वर्षीय अंश खत्री उर्फ अक्की, पुत्र भानु प्रताप सिंह खत्री, निवासी अम्बेडकरनगर शिवपुरी, थाना कठघर, मुरादाबाद (उप्र) के रूप में हुई है। फिलहाल वह गौला गेट, राजपुरा क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

नैनीताल में खौफनाक वारदात! ढाबे के बाहर खड़ी कार पर चढ़ाया ट्रैक्टर, अंदर बैठे लोगों में मची चीख पुकार, CCTV में कैद हुई घटना

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 111/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ और धीरेन्द्र अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नैनीताल पुलिस ने इस घटना को सोशल मीडिया के गलत उपयोग का चिंताजनक उदाहरण बताते हुए साफ कहा है कि हथियारों का प्रदर्शन करना, दूसरों में डर पैदा करना या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करना गंभीर अपराध है।

नैनीताल में छात्रा की मौत ने हिलाया शहर! मुंह से खून और पोस्टमार्टम ने खोला चौंकाने वाला राज, पढ़ें पूरी खबर

पुलिस ने लोगों से की ये अपील

ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी से प्रयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Location : 
  • Nainital,

Published : 
  • 3 April 2026, 1:44 AM IST

Advertisement