हिंदी
मुक्तेश्वर के सालियाकोट गांव में देर रात एक कॉटेज भीषण आग की भेंट चढ़ गया। नैनीताल और भीमताल की दमकल टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मुक्तेश्वर में कॉटेज में लगी भीषण आग
Nainital: मुक्तेश्वर के सालियाकोट गांव स्थित एक कॉटेज में रविवार देर रात आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। शुरुआत में ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वे विफल रहे। स्थिति पर काबू न पाने के लिए उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कॉटेज से धुआं निकलता देखा तो पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पुलिस और ग्रामीण अंदर पहुंचे तो कमरों में आग पूरी तरह फैल चुकी थी। आग की तीव्रता को देखते हुए तुरंत नैनीताल और भीमताल से दमकल यूनिट बुलवाई गई।
आग हादसा सलियाकोट सुंदरखाल क्षेत्र में स्थित एक कॉटेज में हुआ। धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
लकड़ी का ढांचा होने के कारण आग तेजी से भड़कती चली गई, जिससे कॉटेज पूरी तरह जलकर खाक हो गया। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग को काबू में लाया जा सका और आसपास बने घरों को सुरक्षित बचाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ।
अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग अनीता सूद के कॉटेज में लगी थी। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने की घटना की जांच जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि आग पर काबू पानी मुश्किल हो गया। कॉटेज लकड़ी का बना होने के कारण धू-धू कर जल गया। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को आसपास के अन्य आवासीय भवनों तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अग्निशमन अधिकारी ने घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों और उपायों के बारे में भी जानकारी दी।