कैंचीधाम जाने वालों के लिए बड़ी खबर, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत; तीन से चार घंटे का सफर अब 1 घंटे में

कैंचीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोपवे परियोजना को लेकर बड़ी तैयारी चल रही है। काठगोदाम से कैंचीधाम तक करीब 21 किलोमीटर के प्रस्तावित रूट पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 September 2026, 11:05 AM IST

Nainital: विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में बढ़ते श्रद्धालुओं के दबाव और सड़क मार्ग पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम को देखते हुए काठगोदाम से कैंचीधाम तक करीब 21 किलोमीटर लंबे रोपवे नेटवर्क की योजना पर काम तेज हो गया है। इसके जरिए काठगोदाम, ज्योलीकोट, सैनिटोरियम और कैंचीधाम को जोड़ने की तैयारी है।

एक घंटे में सफर पूरा होने की संभावना

सड़क मार्ग से कैंचीधाम पहुंचने में कई बार यात्रियों को ट्रैफिक जाम के चलते 3 से 4 घंटे तक का समय लग जाता है। प्रस्तावित रोपवे के बनने के बाद यह सफर करीब एक घंटे में पूरा होने की संभावना है।

बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने इस परियोजना को कुमाऊं के इंटीग्रेटेड मोबिलिटी प्लान में शामिल किया है। नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) को इसकी नोडल एजेंसी बनाया गया है। तकनीकी सलाह के लिए फ्रांस की एक कंपनी से भी करार किया गया है, जो परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार कर रही है।

ये भी पढ़ें- छात्र राजनीति के जोश में होश खो बैठे युवा, नैनीताल पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने खोल दी सबकी आंखें 

रोपवे का प्रस्ताव कहां से कहां तक?

पहले रोपवे का प्रस्ताव केवल रानीबाग से नैनीताल तक करीब 11.45 किलोमीटर के लिए था, जिसकी अनुमानित लागत करीब 1000 करोड़ रुपये बताई गई थी। अब योजना का दायरा बढ़ाकर दो अलग-अलग कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। एक रूट काठगोदाम से ज्योलीकोट होते हुए हनुमानगढ़ी और नैनीताल तक प्रस्तावित है, जबकि दूसरा काठगोदाम से ज्योलीकोट और सैनिटोरियम होते हुए कैंचीधाम तक जाएगा। दूसरे रूट की कुल लंबाई करीब 21 किलोमीटर बताई गई है।

ये भी पढ़ें- ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 में दिखेगा कैंची धाम का अध्याय, बाबा नीब करौली की नैनीताल यात्रा पर बढ़ी उत्सुकता

हल्द्वानी में होगी उच्चस्तरीय बैठक

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए इसी सप्ताह हल्द्वानी में उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है। इसमें कार्यदायी संस्था और फ्रांसीसी विशेषज्ञ शामिल होंगे। बैठक में भूमि चयन और निर्माण से जुड़े अहम फैसलों पर चर्चा की जाएगी। रोपवे परियोजना के जरिए काठगोदाम से कैंचीधाम के बीच सड़क यातायात का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Location :  Nainital

Published :  17 September 2026, 11:05 AM IST