नैनीताल में आफत की बारिश: घने कोहरे में खोई सरोवर नगरी, 7 रास्ते ठप; दोपहर में भी रात का मंजर

नैनीताल समेत पूरे उत्तराखंड में 3 दिन से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। घने कोहरे के कारण दिन में छाया अंधेरा, सड़कों पर मलबा आने से 3 हाईवे समेत 7 रास्ते बंद। बाजारों में पसरा सन्नाटा, ठंड बढ़ी। पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 July 2026, 1:33 PM IST

Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 72 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने कुदरत का रौद्र रूप दिखा दिया है। लगातार बारिश, घने कोहरे और अचानक बढ़ी कड़ाके की ठंड के ट्रिपल अटैक ने आम जनजीवन की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। हर समय पर्यटकों की चहल-पहल और रौनक से गुलजार रहने वाली सरोवर नगरी में आज सन्नाटा पसरा हुआ है और सड़कें पूरी तरह से वीरान नजर आ रही हैं।

दोपहर में रात जैसा मंजर

नैनीताल शहर में पिछले तीन दिनों से इतना भयंकर और घना कोहरा छाया हुआ है कि चंद दूरी पर देखना भी नामुमकिन हो गया है। दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम होने की वजह से वाहन चालकों को दिन-दोपहर में भी अपनी गाड़ियों की हेडलाइट्स जलाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों और रोजमर्रा का काम करने वालों का धंधा ठप हो गया है, जिससे लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं।

भगवान के दरबार में चोरी कर कानून की शरण में भागा पापी, नैनीताल हाईकोर्ट ने दिखाई सख्त आंख कहा- जेल में ही कटेगी रात!

3 स्टेट हाईवे समेत 7 रास्ते पूरी तरह बंद

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो रहा है। सड़कों पर भारी मलबा आ जाने के कारण जनपद के कुल 7 प्रमुख मोटर मार्ग पूरी तरह बंद हो चुके हैं। इनमें 3 मुख्य राज्य मार्ग शामिल हैं रामनगर-भंडारपानी-अमगढ़ी, गर्जिया-बेतालघाट और रामनगर-बोहराकोट मार्ग। इसके अलावा आईटीआई-कमोली, हरतोला-सतपुरी, वंसगांव-जिलोली-सकरीना और नोनी विनायक-अम्बेडकर रीखोली जैसे 4 ग्रामीण रास्तों पर भी यातायात ठप है।

नैनीताल के हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में पहली बार नजर आई ये दुर्लभ प्रजाति, जिसे देखकर वन विभाग भी चौंका

यातायात ठप होने से बढ़ीं ग्रामीणों की मुश्किलें

ग्रामीण और राज्य मार्गों के बंद हो जाने से हजारों लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। आपातकालीन सेवाओं और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रशासन बंद पड़े रास्तों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू और राहत कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं।

Location :  Nainital

Published :  21 July 2026, 1:33 PM IST