Nainital: बुजुर्ग महिला से झपटमारी कर भागे थे बदमाश, पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक

हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से झपटा गया सोने का कुंडल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। एसओजी और मुखानी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 August 2026, 1:57 AM IST

Nainital: हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से झपटा गया सोने का कुंडल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कान का कुंडल भी बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। उनकी पहचान के लिए मैन्युअल और टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली गई।

पुलिस ने बरामद किया सामान

पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी अजय के कब्जे से घटना में झपटा गया सोने का कुंडल बरामद हुआ। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।

मौत को छूकर लौटे रेस्टोरेंट के कारीगर, नैनीताल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, ऐसे बचाई लोगों ने अपनी कीमती जान

पूछताछ में दोनों आरोपियों कबूला

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे गली गली घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22 वर्ष) और सूरज जोशी (20 वर्ष), निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

Nainital News: नैनीताल के गेस्ट हाउसों पर चला प्रशासन का डंडा

एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को 2,500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Location :  Nainital

Published :  3 August 2026, 1:56 AM IST