नैनीताल में भीषण हादसा, खाई में गिरी कार, पांच श्रद्धालुओं की मौत

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली के सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास पर गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस और SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 May 2026, 6:44 PM IST

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भवाली के सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास पर एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने जब तेज आवाज सुनी तो मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

कार के खाई में गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन खाई काफी गहरी और रास्ता बेहद मुश्किल होने के कारण राहत कार्य आसान नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

नैनीताल में बड़ा एक्शन: चर्चित बाहुबली नरेश पांडे घर से गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक कार का संतुलन बिगड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

नैनीताल के बहुचर्चित बनभूलपुरा हिंसा में बड़ा अपडेट: जावेद और अरशद ने किया सरेंडर, जानें कांड का पूरा इतिहास

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग श्रद्धालु थे और किसी धार्मिक यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Nainital

Published :  21 May 2026, 6:44 PM IST