जन्मदिन पर घर लौटने की जगह पहुंची मौत की खबर… कैंची धाम गए प्रिंस के साथ रास्ते में क्या हुआ?

जयपुर से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने उत्तराखंड पहुंचे एक युवक की यात्रा उस वक्त दर्दनाक मोड़ ले गई, जब कैंची धाम में दर्शन के बाद वह नदी में उतर गया। कुछ ही मिनटों में खुशियां मातम में बदल गईं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 1:55 PM IST

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम दर्शन के बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजस्थान के जयपुर से दोस्तों के साथ घूमने आए 21 वर्षीय युवक की रामगाड़ नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चारों दोस्त केदारनाथ के लिए रवाना होने से पहले गरमपानी स्थित नदी में नहाने उतर गए।

दोस्तों के साथ गया था प्रिंस

जानकारी के अनुसार, जयपुर के नर्सिंग नगर झोटवाड़ा निवासी प्रिंस बागौरिया अपने तीन दोस्तों अंश शर्मा, नीतीश कुमार और करन सिंह शेखावत के साथ 31 जुलाई को कार से नैनीताल पहुंचे थे। शनिवार सुबह चारों ने कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और इसके बाद केदारनाथ के लिए रवाना हो गए।

नदी में नहाने के लिए उतरे थे चारों

दोपहर करीब तीन बजे गरमपानी स्थित रामगाड़ लघु विद्युत परियोजना पुल के पास चारों दोस्त नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान प्रिंस गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच अंश शर्मा भी पानी में फंस गया, जिसे मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

ये भी पढ़ें- मौत को छूकर लौटे रेस्टोरेंट के कारीगर, नैनीताल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, ऐसे बचाई लोगों ने अपनी कीमती जान

घटना की सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली पुलिस, खैरना चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ ने प्रिंस को नदी से बाहर निकाला, लेकिन गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

जन्मदिन मनाने के लिए गया था

बताया जा रहा है कि चारों दोस्त प्रिंस का जन्मदिन मनाने के लिए जयपुर से उत्तराखंड घूमने आए थे। कैंची धाम दर्शन के बाद उन्हें केदारनाथ जाना था, लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। घटना के बाद मृतक के दोस्तों का रोरोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, नदी की ओर जाने से पहले परियोजना के एक कर्मचारी ने युवकों को बरसात के दौरान नदी में न उतरने की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने उसकी बात अनसुनी कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चेतावनी मान ली जाती तो शायद यह हादसा टल सकता था।

ये भी पढ़ें- Nainital News: नैनीताल के गेस्ट हाउसों पर चला प्रशासन का डंडा

नीट की तैयारी कर रहा था युवक

मृतक के साथियों ने बताया कि प्रिंस बागौरिया नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसकी मां चूड़ियों का कारोबार करती हैं, जबकि उसके अन्य साथी 12वीं की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं।

Location :  Nainital

Published :  3 August 2026, 1:55 PM IST