
पुलिस ने 73 वाहन किए सीज (img: Dynamite News)
Haldwani: नैनीताल जिले में टैक्सी परमिट पर संचालित दोपहिया वाहनों को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब टैक्सी के रूप में पंजीकृत बाइक लेने वाले पर्यटक खुद वाहन नहीं चला सकेंगे। नियमों के तहत ऐसी टैक्सी बाइक के साथ चालक की व्यवस्था अनिवार्य है। पर्यटक के खुद बाइक चलाते पाए जाने पर परमिट की शर्तों के उल्लंघन में कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 258 चालान किए और 73 वाहन सीज किए। सीज किए गए वाहनों में 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा 5 ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 47 हजार रुपये संयोजन शुल्क भी वसूला।
पुलिस के मुताबिक यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: बड़ी खबर: देश भर में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रदर्शन के बीच 42 पूर्व जजों ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने हल्द्वानी में 9 वाहन, जबकि भीमताल-भवाली-कैंचीधाम क्षेत्र में भी 9 वाहन सीज किए। वहीं, सीपीयू हल्द्वानी की टीम ने 24 वाहनों को सीज किया।
पुलिस ने पर्यटक सीजन को देखते हुए वाहन चालकों और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और टैक्सी परमिट की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Location : Nainital
Published : 8 October 2026, 6:01 PM IST
Topics : Nainital Nainital Police Taxi Bike uttarakhnd news