पासबुक अपडेट कराते ही थैला कटा मिला… बैंक के अंदर पूर्व सैनिक के 50 हजार रुपये गायब, CCTV में दो महिलाएं दिखीं

हल्द्वानी में बैंक के अंदर पूर्व सैनिक के 50 हजार रुपये चोरी होने से हड़कंप मच गया। पेंशन की रकम निकालने के बाद वह पासबुक अपडेट कराने पहुंचे थे, तभी उनके थैले के नीचे से कट लगाकर रकम गायब कर दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 September 2026, 2:11 PM IST

Haldwani: शहर में बैंक के अंदर एक पूर्व सैनिक के साथ चोरी का मामला सामने आया है। नैनीताल रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में पेंशन निकालने पहुंचे पूर्व सैनिक के प्लास्टिक के थैले को नीचे से काटकर उसमें रखे 50 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। घटना के बाद बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ली है। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं पूर्व सैनिक के आसपास नजर आ रही हैं।

पेंशन निकालकर पासबुक अपडेट कराने गए थे

चांदनी चौक धुड़दौड़ा, मानपुर पश्चिम निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह 14 सितंबर को पेंशन निकालने के लिए बैंक पहुंचे थे। उन्होंने बैंक के कैश काउंटर से 50 हजार रुपये निकाले और रकम प्लास्टिक के थैले में रख ली। रुपये निकालने के बाद वह बैंक परिसर में लगी पासबुक प्रिंटिंग मशीन के पास पासबुक अपडेट कराने चले गए। बताया गया कि इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं।

ये भी पढ़ें- 6 लाख के दहेज से भी नहीं भरा लालच का घड़ा; बंद कमरे में मिली नवविवाहिता की लाश, परिजनों ने लगाया आरोप

एक महिला काफी करीब आई

बहादुर सिंह के मुताबिक दोनों महिलाओं में से एक महिला उनके काफी करीब आ गई। इस पर उन्होंने महिला को थोड़ा दूर खड़े होने के लिए कहा। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। इसके बाद बहादुर सिंह ने अपनी पासबुक अपडेट कराई। जब उन्होंने अपना प्लास्टिक का थैला देखा तो उनके होश उड़ गए। थैला नीचे से कटा हुआ था और उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब थे।

घटना का पता चलते ही उन्होंने बैंक परिसर में रुपये तलाशे, लेकिन रकम नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी और हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें- मौत का ‘प्रिस्क्रिप्शन’ या कातिलाना लापरवाही? KGMU में एक ‘ना’ ने कैसे ले ली होनहार छात्रा की जान!

CCTV में आसपास दिखाई दीं संदिग्ध महिलाएं

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं पूर्व सैनिक के आसपास दिखाई दे रही हैं।अब पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय बैंक परिसर में और कौन-कौन लोग मौजूद थे।

संभावित ठिकानों पर पुलिस की दबिश

कोतवाल विजय मेहता के अनुसार मामले की जांच जारी है। संदिग्ध महिलाओं की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Location :  Nainital

Published :  21 September 2026, 2:11 PM IST