Haldwani: डकैती से पहले हुई थी पूरी तैयारी, फिर ऐसे पकड़े गए दो नकाबपोश आरोपी

हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हुई लाखों की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दो आरोपी गिरफ्त में हैं और उनके पास से नकदी, तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। जांच में वारदात से पहले की गई रेकी और पूरी साजिश की परतें भी सामने आई हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 August 2026, 9:02 PM IST

Haldwani: गोरापड़ाव क्षेत्र में 19 अगस्त की शाम हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक तमंचा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके कार्यालय/गैराज में डकैती डालकर करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन व अंगूठियां लूट ली थीं। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

SP ने स्पेशल टीम का किया गठन

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासे के लिए करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। इसमें एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी, सीओ लालकुआं के साथ थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।

ये भी पढ़ें- चीनी की किल्लत की खबर ने मचाई हलचल, DM ने साफ किया- स्टॉक पर्याप्त; जमाखोरी की तो होगी कार्रवाई

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की फुटेज खंगाली। सुरागरसी और पूछताछ के आधार पर वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह निवासी ईश्वरपुर, शीशगढ़, बरेली को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने डकैती की घटना में शामिल होने की बात कबूल की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की मुलाकात किच्छा निवासी यश सिडाना से हुई थी। यश कथित तौर पर जुए में लाखों रुपये हारने के कारण आर्थिक तंगी में था। उसे जानकारी मिली थी कि गोरापड़ाव क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुआ खेला जाता है। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई और लूटी गई रकम से जुए में हारी रकम की भरपाई करने और बाकी रकम आपस में बांटने की बात तय की।

आरोपियों ने घटना से पहले की रेकी

आरोपियों ने घटना से पहले घटनास्थल की रेकी की और फिर अन्य लोगों को योजना में शामिल किया। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान बदमाश नकाब पहनकर हथियारों के साथ कार्यालय में घुसे और नकदी, जेवरात व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूटे गए मोबाइल फोन डिजिटल साक्ष्य से बचने के लिए रास्ते में फेंक दिए गए।

ये भी पढ़ें- 3 KM तक गंगा में बहता रहा 50 साल का शख्स, सिपाही ने जान की बाजी लगाकर ऐसे बचाई जिंदगी; VIDEO वायरल

गिरफ्तार वंशप्रीत सिंह के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि रखवीर सिंह से 35 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और 317(3) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना को संगठित तरीके से अंजाम दिए जाने के आधार पर बीएनएस के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं, वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

पुलिस टीम की कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस अब डकैती में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई शेष रकम व सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Location :  Haldwani

Published :  21 August 2026, 9:00 PM IST