
हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा
Haldwani: शादी समारोह में वीडियोग्राफी का काम कर लौट रहे 22 वर्षीय योगेश कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। 9 दिसंबर की रात वह अपने घर चंदन विहार लौट रहा था। जैसे ही वह देवलचौड़ के पास श्याम गार्डन के आगे पहुंचा, सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि योगेश सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी रात करीब 12 बजे परिवार को मिली। परिजन तत्काल उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। योगेश लगभग पूरे एक दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा, लेकिन 10 दिसंबर की देर रात उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों सहित आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
Raebareli Murder: रायबरेली में दिनदहाड़े हत्या, पुरानी रंजिश में चली गोलियां
शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की आंख नम थी और घर में मातम पसरा हुआ था। परिवार शोक में डूबा है और किसी को भी इस दर्दनाक घटना पर यकीन नहीं हो रहा।
योगेश मूल रूप से नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर बवियाड़ का रहने वाला था। उसके पिता कृष्णा चंद खेती करते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत न होने के कारण परिवार कई वर्षों से हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित चंदन विहार में रह रहा है। चार भाई-बहनों में योगेश सबसे छोटा और परिवार का सबसे लाड़ला था। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी उसका जुनून था, और शादी-ब्याह के कार्यक्रमों में वह इसी काम से कमाई करता था। काम से लौटते समय हुए हादसे ने उसके सपनों और परिवार की उम्मीदों को तोड़ दिया।
Bigg Boss 19 के विनर गौरव खन्ना लौटेंगे ‘अनुपमा’ में, राजन शाही की मौजूदगी से बढ़ी अटकलें
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तक किसी वाहन चालक के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच करेगी। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और बेचैनी का माहौल है। लोग एक होनहार युवक की अचानक हुई मौत से सदमे में हैं।
Location : Haldwani
Published : 12 December 2025, 8:04 PM IST