रील का बुखार, AI से सेना की वर्दी पहन इंस्टाग्राम पर युवतियों को ठगने वाले युवक का नैनीताल SOG ने किया पर्दाफाश

नैनीताल SOG ने AI और Google Gemini की मदद से इंस्टाग्राम पर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताने वाले 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। पेंट गोदाम में काम करने वाले इस युवक ने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए फर्जी आर्मी कार्ड और फोटो बनाए थे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 September 2026, 9:04 AM IST

Nainital: सोशल मीडिया पर पहचान बनाने और लोगों पर रौब जमाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का गलत इस्तेमाल करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। उत्तराखंड के नैनीताल में एक 20 वर्षीय युवक ने गूगल जेमिनी और एआई टूल्स की मदद से भारतीय सेना की वर्दी में अपनी फर्जी तस्वीरें तैयार कीं।

इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर वह खुद को सेना की प्रतिष्ठित 'पैरा स्पेशल फोर्स' का मेजर बताता था। लेकिन यह डिजिटल सच ज्यादा दिन छुप नहीं सका और नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मिलिट्री इंटेलिजेंस की नजर और एसओजी का एक्शन

इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब 1 सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस (सैन्य खुफिया एजेंसी) को इंस्टाग्राम पर रोहित सिंह मेहता नामक युवक की संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगी। सेना के रिकॉर्ड खंगालने पर इस नाम का कोई अधिकारी दर्ज नहीं मिला।

नैनीताल में लगातार बारिश से प्रशासन अलर्ट, करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद

मामला सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया, जिससे पता चला कि खुद को मेजर बताने वाला यह युवक असल में गोरापड़ाव स्थित एक पेंट के गोदाम में साधारण काम करता है।

फॉलोअर्स और युवतियों को रिझाने का डिजिटल चक्कर

पुलिस की पूछताछ में आरोपी रोहित सिंह मेहता (निवासी चम्पावत) ने अपनी करतूत का सच उगल दिया। उसने बताया कि उसने इंटरनेट से सेना के अधिकारियों की तस्वीरें डाउनलोड कीं और एआई ऐप की मदद से उनमें अपना चेहरा लगा दिया। यह सब उसने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के लिए किया था।

नैनीताल में भारी बारिश ने मचाई तबाही, नाले के तेज बहाव में बह गई 3 साल की मासूम, तलाश के बाद मिला शव

फर्जी आर्मी कार्ड और सामान बरामद

एसओजी की टीम ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक संदिग्ध आर्मी पहचान पत्र, पैन कार्ड, पहचान दस्तावेज और एआई से निर्मित दर्जनों तस्वीरें व वीडियो बरामद किए हैं। पुलिस ने कोतवाली हल्द्वानी में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

Location :  Nainital

Published :  3 September 2026, 9:04 AM IST