हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में सोमवार को आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
नैनीताल : हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में सोमवार को आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खास तौर पर विरासत, नामांतरण और भूमि विवादों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता पर निपटाने का आदेश दिया।
क्या है पूरी खबर?
जिलाधिकारी ने सभी राजस्व मजिस्ट्रेटों को उनके अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित पुराने वादों का समय पर निस्तारण करने हेतु नियमित न्यायालय में बैठने और वादों का निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मजिस्ट्रेट अपने न्यायालय कक्ष के बाहर बोर्ड में न्यायालय में बैठने के दिन और तिथि अंकित करें। उन्होंने तहसीलों में किसी भी निजी व्यक्ति की दखलंदाजी रोकने के लिए भी कड़ा रुख अपनाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील से कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए और यदि कोई शिकायत आती है तो इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र में अवैध खनन पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह का सख्त रुख, अधिकारियों को मिली ये चेतावनी
साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश
निर्वादित विरासत, नामांतरण और अन्य राजस्व प्रकृति के विवादों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने ग्राम स्तर पर चौपालों के आयोजन का सुझाव दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि राजस्व विभाग द्वारा जारी होने वाले प्रमाण पत्र समय पर जारी किए जाएं और न्यायालयों में राजस्व वादों का निष्पादन भी समयबद्ध तरीके से हो। राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी को लक्ष्य के अनुरूप शतप्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने, तथा संग्रह अमीनों की व्यक्तिगत कार्यकुशलता की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिन संग्रह अमीनों की वसूली जनपदीय औसत से कम होगी, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने तीन माह से अधिक समय से लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही विभिन्न आयोगों के लंबित प्रकरणों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध मदिरा की बिक्री और संचरण रोकने के निर्देश दिए और कहा कि विभाग नियमित छापेमारी के माध्यम से प्रभावी ढंग से कार्रवाई करे। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।