
11 लोगों पर दर्ज हुआ नया मुकदमा
Haldwani: हल्द्वानी में इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय व्लॉगर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। काठगोदाम कोतवाली पुलिस ने ज्योति अधिकारी, उनके पति और अन्य साथियों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद सभी आरोपियों को जल्द कोतवाली बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों के भीतर ज्योति अधिकारी के खिलाफ यह आठवां मामला दर्ज हुआ है। मामला छोटी मुखानी स्थित जोशी कॉलोनी निवासी ब्लॉगर सुनीता भट्ट की शिकायत के बाद सामने आया। उन्होंने काठगोदाम कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि नैनीताल रोड के चौपाटी बाजार के पास वुडपेकर क्षेत्र में उनका छोटा सा कारोबार है।
UP News: सहायक प्रबंधक की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या मामले में पूर्व सांसद का बयान, जानें पूरी खबर
शिकायत के अनुसार, बुधवार की शाम ज्योति अधिकारी अपने पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी और अन्य लोगों के साथ उनकी दुकान के पास पहुंचीं। आरोप है कि वहां कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और दुकान में रखा सामान भी तोड़ दिया गया। सुनीता भट्ट का कहना है कि घटना के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी सात साल की बेटी को लेकर भी धमकी दी गई, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत हो गया।
इस पूरे प्रकरण में काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर ज्योति अधिकारी, गोपाल अधिकारी, कमल जोशी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 324(4) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि ज्योति अधिकारी का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। कुमाऊं क्षेत्र के अलग-अलग थानों में उनके खिलाफ पहाड़ की महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और देवी देवताओं पर विवादित बयान देने के आरोपों में कई मामले दर्ज हो चुके हैं। कुछ समय पहले उन्हें एक मामले में गिरफ्तार कर हल्द्वानी जेल भी भेजा गया था, जहां वह करीब सात दिनों तक रही थीं। हाल ही में काठगोदाम कोतवाली से रिहा होने के बाद उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह अलग अंदाज में बाहर निकलती दिखाई दी थीं। अब नए मुकदमे के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
Location : Nainital
Published : 14 March 2026, 4:33 PM IST
Topics : Haldwani News Jyoti Adhikari Kathgodam Police