हिंदी
ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Dehradun: देहरादून में उत्तराखण्ड एसटीएफ ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी गतिविधियों में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रेमनगर क्षेत्र में की गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप (29 वर्ष) निवासी झाझरा, प्रेमनगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
STF के अनुसार आरोपी Instagram और WhatsApp के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। वह उसके निर्देशों पर काम करते हुए देहरादून के संवेदनशील स्थानों की जानकारी और वीडियो फुटेज एकत्र कर पाकिस्तान भेज रहा था।
जांच में पता चला कि आरोपी को आईएसबीटी और पुलिस मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा, वह शहर के कई हिस्सों में “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” के नाम से स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था।
देहरादून में दुकान में भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसे दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के एक अधिवक्ता पर हमला करने का निर्देश दिया गया था। इसके बदले उसे आर्थिक मदद और नेपाल के रास्ते दुबई भेजने का लालच दिया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक 32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल से मिले डेटा के आधार पर अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह Sidhu Moose Wala का प्रशंसक था और उनकी हत्या के बाद बदले की भावना से प्रभावित हुआ। इसी दौरान वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर के संपर्क में आया और धीरे-धीरे आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया।
देहरादून में पुल निर्माण अधूरा, तय समयसीमा नजदीक फिर भी आधा काम बाकी, आखिर जिम्मेदार कौन?
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कहा कि राज्य में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Dehradun
Published : 11 April 2026, 3:09 PM IST