Dehradun: रानीपोखरी में गैस वितरण की पोल खुली, आदेश धरे रह गए; जनता लाइन में बेहाल

रानीपोखरी में LPG वितरण व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। होम डिलीवरी के निर्देशों के बावजूद उपभोक्ताओं को धूप में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा। गैस एजेंसी और प्रशासन ने जल्द सुधार का भरोसा दिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 1:28 PM IST

Dehradun: रानीपोखरी क्षेत्र में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा होम डिलीवरी के सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए खुले मैदान में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा। तेज गर्मी और धूप के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन के निर्देशों का नहीं हुआ पालन

जिलाधिकारी सविन बंसल ने गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं तक सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गैस एजेंसियों को घर-घर डिलीवरी के निर्देश दिए थे। लेकिन रानीपोखरी में इन निर्देशों का पूरी तरह पालन होता नहीं दिखा। गैस वितरण वाहनों को घर-घर जाने के बजाय एक स्थान पर खड़ा कर दिया गया।

मैदान में किया गया गैस वितरण

रानीपोखरी स्थित सामुदायिक भवन और मेला ग्राउंड में गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। यहां इंडियन गैस के तीन वाहनों के माध्यम से उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिए गए। बड़ी संख्या में लोग दूर-दूर से पहुंचे और लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

उपभोक्ताओं की बढ़ी मुश्किलें

तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें डीएससी नंबर के आधार पर ही गैस दी जा रही है। कुछ लोगों का कहना था कि वे सुबह से लाइन में लगे रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि एजेंसी में 2000 से अधिक सिलेंडरों का बैकलॉग लंबित है।

Dehradun News: काली पट्टी बांधकर ग्रामीणों का विरोध, पुतला दहन से बढ़ा तनाव

एजेंसी ने दी सफाई

गैस एजेंसी संचालक जगदीश टम्टा ने बताया कि होम डिलीवरी के दौरान कई बार ऐसे लोग भी एकत्र हो जाते हैं जिनका नंबर नहीं आता, जिससे वितरण में बाधा आती है। इस स्थिति से निपटने के लिए कुछ स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक गैस पहुंचाई जा सके।

प्रशासनिक निर्णय का हवाला

संचालक के अनुसार, मैदान में गैस वितरण एजेंसी की ओर से नहीं बल्कि प्रशासनिक बैठक में लिए गए निर्णय के तहत किया गया। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों का भी सहयोग लिया गया, ताकि लोगों में किसी प्रकार की घबराहट न फैले।

Dehradun: देहरादून में STF की कार्रवाई, आतंकी साजिश नाकाम

विकासनगर में भी स्थिति गंभीर

विकासनगर क्षेत्र में भी गैस की समस्या बनी हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं और होम डिलीवरी भी प्रभावित हो रही है। गैस वितरण वाहनों द्वारा समय पर सेवा नहीं देने के आरोप भी सामने आए हैं।

 

 

Location :  Dehradun

Published :  15 April 2026, 1:28 PM IST