
मुख्यमंत्री धामी ने नदी उत्सव में लिया संकल्प
Haridwar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरिद्वार पहुंचकर हर की पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं प्रगति की कामना की और "नदी उत्सव" कार्यक्रम में भाग लेते हुए नदियों को मां समान सम्मान देने और उन्हें स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नदियां केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार रही हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही नदियां हमारे सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक जीवन की रीढ़ रही हैं। आज के समय में जब जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौतियां सामने हैं, तो जल संरक्षण और नदियों की शुद्धता बनाए रखना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है।
धामी ने उपस्थित श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नदियों को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने सभी से दोनों हाथ उठाकर संकल्प दिलवाया कि नदियों को मां के समान माना जाएगा और कभी भी उन्हें प्रदूषित नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर श्री गंगा सभा द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणि समेत अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया। मां गंगा की वैदिक विधि-विधान से पूजा आचार्य अमित शास्त्री द्वारा संपन्न कराई गई।
इस आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रहेला, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी परमेंद्र सिंह डोभाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली।
Location : Haridwar
Published : 4 July 2025, 8:59 PM IST
Topics : CM Dhami Haridwar Pledge River Festival Uttarakhand News