हिंदी
नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास और लूट के मामले में पुलिस ने 10 घंटे के भीतर टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी टैक्सी चालक से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास
Nainital: जिले में महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 10 घंटे के भीतर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार बीते 5 मार्च को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। हल्द्वानी से वह ऑटो द्वारा काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी हायर की। इसके बाद वह रात के समय काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना हुई। रात्रि लगभग 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो चालक ने वाहन रोक दिया और उसके साथ बदतमीजी करते हुए मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके।
6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फोरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया। इसके साथ ही साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई भी की गई।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64, 309(6), 137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वाहन संख्या यूके4टीबी 5500 वैगनार और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।
Gorakhpur News: ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए पीड़ित को पुलिस ने ऐसे दिलाई खुशी
अभियुक्त की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन विवो वाई100 बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई टैक्सी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी दीपक सिंह बोरा पुत्र नन्दन सिंह बोरा निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर थाना मुखानी जिला नैनीताल है, जिसकी उम्र 39 वर्ष बताई जा रही है।
इस मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला उपनिरीक्षक बबीता, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन और कांस्टेबल परमजीत सिंह शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।