उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव है। ऐसा लगता है कि भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी के बड़े नेता राज्य का दौरा करने लगे हैं। हरिद्वार में शनिवार 7 मार्च को गृहमंत्री अमित शाह ने विशाल जनसभा को संबोधित किया, जबकि 22 मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह श्रीनगर का दौरा करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह (Img- Internet)
Haridwar: उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरिद्वार से आज पार्टी का चुनावी शंखनाद भी कर दिया है। हरिद्वार में आयोजित राज्य सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए गृह मंत्री ने यहां 1129.91 करोड़ की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। चुनावी वर्ष में उत्तराखंड को दी गई यह बड़ी सौगात भाजपा की राजनीतिक तैयारियों की दृष्टि से देखी जा रही है। राजनीतिक पंडितों के साथ ही विपक्षी पार्टियों को भी लग रहा है कि भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है।
गृह मंत्री ने राज्य को न सिर्फ बड़ी सौगात दी, बल्कि वे जिस तरह विपक्ष पर बरसे हैं, उसे राजनीतिक विश्लेषक चुनावी शंख फूंकने के तौर पर देख रहे हैं। राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होना है। हरिद्वार जिले में 11 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में जिले के लिए यह घोषणा काफी महत्वपूर्ण है। गृहमंत्री की जनसभा में हरिद्वार के लोगों ने गजब का उत्साह भी दिखाया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश में एस आर पर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पूरी ऊर्जा घुसपैठियों को बचाने में लगाई। केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुन कर देश से बाहर भगाएंगे। जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची से कटना चाहिए।
गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1100 करोड़ की सौगात, जानिए किन परियोजनाओं का किया शिलान्यास
उन्होंने भारत माता की जय के साथ शुरू किये अपने संबोधन में युवाओं को " जिगर के टुकड़े" बताकर कहा कि उत्तराखंड वालों की आवाज दिल्ली तक जानी चाहिए। तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने की मुठ्ठी भींचिये और बोलिये भारत माता की जय। जय जय श्री राम।
गृह मंत्री ने कहा कि देवभूमि को प्रणाम करता हूं। बाबा केदार, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहब को प्रणाम करता हूं। भाजपा की सरकार के नौ साल पूरे हो रहे हैं। उत्तराखंड की जनता को बताने आया हूं कि एक जमाना था जब ये भूमि अपने अधिकार के लिए संघर्ष करती थी। यहां के अधिकारों को बचाने के लिए यहां के युवा मैदान में उतरे। कांग्रेस ने दमन किया, कई लोग बलिदान हुए। रामपुर तिराहा कांड आज भी लोग भूले नहीं हैं। तब अटल बिहारी बाजपेयी ने राज्य का गठन किया था।
गृह मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने पुलिस के आरक्षियों को जो नियुक्ति पत्र दिये, उसके बारे में कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार होती, तो ये आरक्षियों को नौकरी नहीं मिलती। कांग्रेस की सरकार होती तो पर्ची भी लगती और खर्ची भी। अब किसी की सिफारिश की जरूरत नहीं।
राज्य की धामी सरकार के कार्यों और केंद्र की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने साफ संदेश दिया है कि राज्य का हित भाजपा के हाथों में ही सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। हरिद्वार का कुंभ पूरे भारत की शान होता है। हमारी सरकार ने सीएए, राम मन्दिर, केदार नाथ धाम, बद्रीनाथ धाम,महाकाल, काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर समेत कई रुके काम पूरे किये। पीएम मोदी ने सीमांत गांव के मध्यम से सीमांत गांव का विकास कर वहां पलायन रोकने की पूरी योजना बनाई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 मार्च को उत्तराखंड के श्रीनगर (गढ़वाल) का दौरा करेंगे। यह दौरा धामी सरकार के दूसरे कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित है, जिसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा के बड़े नेताओं के उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रमों से साफ है कि राज्य में पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। पार्टी राज्य में लागातार तीसरी विजयी होकर हैट्रिक लगाना चाहती है।