हिंदी
उत्तराखंड के रामनगर में गैस किल्लत की अफवाहों के बीच एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने गैस एजेंसी संचालकों की बैठक ली। प्रशासन ने साफ किया कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है और केवल बुकिंग सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आ रही है।
सिलेंडर से भरा खड़ा ट्रक
Ramnagar: उत्तराखंड के रामनगर में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और शिकायतें सामने आ रही थीं। कहीं गैस की किल्लत की अफवाह उड़ रही थी तो कहीं उपभोक्ता सिलेंडर के लिए परेशान दिखाई दे रहे थे। इसी बीच प्रशासन को यह आशंका भी सताने लगी कि कहीं गैस वितरण में गड़बड़ी या कालाबाजारी तो नहीं हो रही। हालात को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को रामनगर के एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को तलब कर बैठक की और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रामनगर में पिछले कुछ दिनों से लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई थी कि गैस सिलेंडर की सप्लाई में दिक्कत आ रही है। कई उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर न मिलने की शिकायत की। इन शिकायतों के चलते लोगों में यह आशंका भी पैदा हो गई कि कहीं गैस की कमी तो नहीं हो गई है या फिर वितरण में कोई गड़बड़ी हो रही है।
बैठक के बाद एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि रामनगर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि रामनगर क्षेत्र में कुल पांच गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। एसडीएम ने कहा कि जनता को किसी भी तरह के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शहर में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की किल्लत की बात सही नहीं है।
एसडीएम ने यह भी बताया कि जो दिक्कत सामने आ रही है वह मुख्य रूप से गैस बुकिंग के सिस्टम से जुड़ी है। कई उपभोक्ताओं को ऑनलाइन या फोन के जरिए बुकिंग करने में तकनीकी समस्या आ रही है।
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि यदि सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्या लंबे समय तक बनी रहती है तो प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू कर सकता है। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी और जिलाधिकारी से बातचीत की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मैनुअल सिस्टम के जरिए भी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी परिवार को रसोई गैस की कमी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को एक और महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर का वितरण पहले की तरह होम डिलीवरी के जरिए ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के गोदाम तक आने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
बैठक में गैस वितरण व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए एक अहम फैसला भी लिया गया। एसडीएम ने सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले वाहनों में जल्द से जल्द GPS सिस्टम लगाया जाए।
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने रामनगर की जनता से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अगर किसी को गैस सप्लाई को लेकर परेशानी हो तो सीधे संबंधित एजेंसी या प्रशासन को इसकी जानकारी दें।