नैनीताल माल रोड के होटल में अचानक हड़कंप, देर रात मची अफरा तफरी; जानिये पूरा मामला

नैनीताल की माल रोड पर स्थित एक होटल में काम करने वाले गाइड की अचानक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात तबीयत बिगड़ने पर साथी कर्मचारियों ने उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सूचना दे दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 March 2026, 12:27 PM IST

Nainital: उत्तराखंड़ के नैनीताल की माल रोड पर स्थित एक होटल में काम करने वाले एक गाइड की अचानक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार देर रात होटल में काम कर रहे गाइड की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद साथी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।

सहकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें नैनीताल के जिला अस्पताल बीडी पांडे पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही होटल कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग अस्पताल पहुंच गए और घटना के बारे में जानकारी लेने लगे। अस्पताल प्रशासन ने भी मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पिथौरागढ़ निवासी प्रकाश राम के रूप में हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पिथौरागढ़ जिले के सत नौली देवीनगर निवासी 54 वर्षीय प्रकाश राम के रूप में हुई है। प्रकाश राम लंबे समय से नैनीताल की माल रोड पर स्थित एक होटल में गाइड के रूप में काम कर रहे थे। वह पर्यटकों को नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी देते थे और शहर में आने वाले पर्यटकों की मदद भी करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रकाश राम अपने शांत स्वभाव और मेहनती कार्यशैली के लिए जाने जाते थे।

ईरान इजरायल युद्ध के चलते गोरखपुर की दुल्हन का हाल बेहाल, इन हालातों में फंसा दुल्हा

सोमवार रात जब उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी तो साथियों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की खबर मिलते ही उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई। इस दुखद खबर के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य नैनीताल पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कोतवाली पुलिस के एसआई यूनुस ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदयघात माना जा रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

बलिया की बड़ी मुठभेड़: किशोर की निर्मम हत्या का आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इस घटना के बाद माल रोड क्षेत्र में काम करने वाले होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। प्रकाश राम को जानने वाले लोग उनकी अचानक मौत से स्तब्ध हैं और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 11 March 2026, 12:27 PM IST