
रोते परिजन (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जनपद के निचलौल स्थित जेएचवी शुगर मिल में टिन शेड लगाने का कार्य कर रहे एक मजदूर की ऊंचाई से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के मुताबिक निचलौल के महाशय वार्ड निवासी आकाश चौरसिया पिछले कई दिनों से जेएचवी शुगर मिल में टिन शेड लगाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात वह लगभग 45 फीट ऊंचाई पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों ने तत्काल मिल प्रशासन को घटना की सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद मिल प्रशासन ने गंभीर रूप से घायल आकाश को केवल निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।
महराजगंज: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने हंसिया से काटा गला, हालत नाजुक
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद मिल प्रशासन का कोई जिम्मेदार व्यक्ति न तो अस्पताल पहुंचा और न ही परिवार की सुध लेने आया। इसी बात को लेकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेएचवी शुगर मिल का घेराव करते हुए चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने तथा मिल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया।
साइलेंट किलर बन सकती है देर से की गई Pregnancy, जानिए Dr की राय और वो कड़वा सच जो कोई नहीं बताता
प्रशासन के समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Location : Maharajganj
Published : 15 May 2026, 12:07 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News UP News UP Police