
पीड़ित महिला
Gorakhpur : गोला कस्बे में दिनदहाड़े हुई मंगलसूत्र छिनैती ने बाजार में सनसनी फैला दी। व्यस्त चंद चौराहा क्षेत्र में बाइक सवार दो उचक्कों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस बूथ से महज करीब सौ मीटर की दूरी पर हुई। जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के ग्राम कोटिया नायक निवासी जानकी देवी, पत्नी संजय यादव, मोबाइल फोन ठीक कराने गोला बाजार आई थीं। वह घग्घर स्थित एक मोबाइल दुकान से फोन बनवाने के बाद घर लौटने के लिए चंद चौराहे की ओर ऑटो पकड़ने जा रही थीं।
इसी दौरान दोपहर करीब ढाई बजे पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपियों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और चंद चौराहे की तरफ भाग निकले।
घटना के बाद जानकी देवी घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने बाइक सवार आरोपियों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे तेज रफ्तार से फरार हो गए।
गोरखपुर में छिनैती के बाद फिल्मी चेज, 5 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने ऐसे पलट दी पूरी बाजी
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बताया कि जिस जगह पर घटना हुई, वहां से पुलिस बूथ कुछ ही दूरी पर है। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पीड़िता ने गोला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता को साथ लेकर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
Location : गोरखपुर
Published : 10 July 2026, 4:51 AM IST
Topics : crime news Gorakhpur Crime Gorakhpur News UP Police