हिंदी
आरोपी
Gorakhpur : जिले में फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपनी पहचान बदलकर दो-दो पासपोर्ट बनवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गगहा पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने नाम, पता और जन्मतिथि तक बदल दी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग पासपोर्ट हासिल कर लिए। मामले के खुलासे के बाद सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गगहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मेराज अहमद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में जांच कर रहे थे। इसी दौरान थाना गगहा पर दर्ज मुकदमा से जुड़े आरोपी अल्ताफ पुत्र गयाशुद्दीन, निवासी ग्राम बड़गो, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों में नाम, पता और जन्मतिथि बदलकर उसने दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया और जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
28 मुकदमे, कई जिले और चोरी-लूट का नेटवर्क… गोरखपुर पुलिस ने खोला गैंग का खेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से जुड़ी गंभीर धाराओं के साथ पासपोर्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में आरोपी की मदद किसने की थी।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने दो पासपोर्ट आखिर किस उद्देश्य से बनवाए थे। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मेराज अहमद, कांस्टेबल एकांश सिंह और आरक्षी निशांत पाल शामिल रहे। गगहा पुलिस का कहना है कि सरकारी दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 10 July 2026, 6:01 AM IST
Topics : crime news fake passport Gorakhpur News UP Police