महराजगंज के सिसवा नगरपालिका के सेनानी नगर वार्ड में एक दबंग युवक ने दलित महिला को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट दिया। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना
Maharajganj: सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में दबंगई का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। सेनानी नगर वार्ड में एक दबंग युवक ने पुरानी रंजिश के चलते दलित महिला को बीच सड़क लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट दिया। इस खौफनाक घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सिसवा नगरपालिका के सेनानी नगर वार्ड निवासी जितेंद्र गौतम की पत्नी पुनीता मंगलवार की शाम करीब चार बजे ब्लॉक रोड पर किसी काम से जा रही थीं। इसी दौरान वार्ड का ही एक दबंग युवक रास्ते में उन्हें रोककर खड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपी युवक ने अचानक लोहे की रॉड निकालकर महिला पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही आरोपी ने उसे बुरी तरह पीट दिया।
हमले के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर ही गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखकर शोर मचाया। जिसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में स्थिति ज्यादा नाजुक होने के कारण महिला को मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ा। जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता के पति जितेंद्र गौतम, जो फिलहाल बेंगलुरु में रहते हैं। उन्होंने फोन पर बताया कि आरोपी युवक पहले भी जमीन विवाद को लेकर दो बार उनके साथ मारपीट कर चुका है। इसी डर के कारण वह अपनी जान बचाने के लिए बाहर रह रहे हैं।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। कोठीभार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है और पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।