Budaun Road Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत, बाइक चालक गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फ़ैजगंज बेहटा थाने के सामने हुआ। महिला अपने भतीजे के साथ गमी की होली मिलने जा रही थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 10 March 2026, 12:27 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में तेज रफ्तार का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। फ़ैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। यह हादसा थाने के सामने हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार महिला और चालक दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गमी की होली मिलने जा रही थी महिला

हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान ममता यादव (40) पत्नी नेखपाल यादव के रूप में हुई है। वह बदायूं जिले के माहोरी गांव, थाना फ़ैजगंज बेहटा की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि ममता यादव अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में गमी की होली मिलने जा रही थीं।

Fatehpur Accident: बहनों को दिलाने जा रहा था बोर्ड को पेपर, ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ ये हाल

इसी दौरान जब उनकी बाइक फ़ैजगंज बेहटा थाने के सामने पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। इस घटना की खबर जैसे ही मृतका के परिवार और रिश्तेदारों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और रिश्तेदारी में भी शोक का माहौल है।

रफ्तार ने छीना तीनों की जान! रायबरेली से महराजगंज तक दर्दनाक सड़क हादसों का खौफनाक सिलसिला

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 10 March 2026, 12:27 PM IST