
मृतक का फाइल फोटो
Etah: एटा में मिले स्टांप विक्रेता के शव का राज पुलिस ने खोल दिया है और जो कहानी सामने आई, उसने रिश्तों को लेकर सन्नाटा फैला दिया। गेहूं के खेत में मिली लाश के पीछे कोई लूट या रंजिश नहीं बल्कि प्रेम संबंध और साजिश निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी।
खेत में मिला शव, ऐसे हुई पहचान
14 फरवरी की सुबह एटा के जैथरा थाना क्षेत्र में ग्राम अगरैया के पास बंधा रोड पर शराब के ठेके के सामने गेहूं के खेत में एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी हेमंत पुत्र विष्णुदयाल के रूप में की थी। वह कचहरी परिसर में स्टांप विक्रेता था और मूल रूप से विच्छंद पहाड़पुर का रहने वाला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और अगले दिन भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि हेमंत की पत्नी के रेलवे रोड निवासी सुमित कुमार से अवैध संबंध थे। दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि उन्होंने हेमंत को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। सुमित का घर आना-जाना था और इसी दौरान दोनों ने हत्या की योजना बनाई।
शादी का झांसा देकर ले गए, शराब में मिलाया जहर
13 फरवरी को सुमित ने एक कार किराए पर ली और हेमंत को शादी में चलने का झांसा देकर एटा से बेवर और फिर अलीगंज ले गया। रास्ते में दो जगह उसे शराब पिलाई गई। बाद में शराब में जहरीला स्प्रे मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को ग्राम अगरैया के पास खेत में फेंक दिया गया, जिससे मामला हादसा या अज्ञात हत्या लगे।
मोबाइल सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 फरवरी को सुमित कुमार, उसके साथी अजय और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार, तीन खाली शराब की पउआ और जहरीले स्प्रे की डिब्बी बरामद की है।
पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमित की पत्नी की कुछ माह पहले मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसके और मृतक की पत्नी के बीच संबंध बने। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
Location : Etah
Published : 16 February 2026, 5:55 PM IST
Topics : crime news etah news Etah Police Murder Case UP Police