फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से 3 मंजिला मकान में लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे

फतेहपुर के बहुआ कस्बे में गैस सिलेंडर विस्फोट से तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में 4-5 लोग झुलस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 February 2026, 6:13 PM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर जिले के बहुआ कस्बे में सोमवार शाम एक जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। देखते ही देखते तीन मंजिला मकान आग का गोला बन गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर गैस सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ, जिसमें चार से पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए।

यूनानी दवाओं का काम चल रहा था, तभी हुआ विस्फोट

मामला फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे का है। जानकारी के मुताबिक डॉ. जमील अहमद कुरैशी के मकान में यूनानी दवाओं से जुड़ी गतिविधियां चल रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर फट गया और आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। कुछ ही मिनटों में तीनों मंजिलें आग की चपेट में आ गई।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, बचाई बड़ी अनहोनी

विस्फोट के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। पानी और अन्य साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। इस दौरान कई लोग झुलस गए जिन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर

सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

जांच में जुटा प्रशासन

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और सिलेंडर विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि मकान में चल रही गतिविधियां सुरक्षा मानकों के अनुरूप थीं या नहीं।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 16 February 2026, 6:13 PM IST

Advertisement
Advertisement