हिंदी
विधानभवन के सामने आत्मदाह का प्रयास फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Lucknow: लखनऊ के वीवीआईपी क्षेत्र विधानभवन के सामने सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हरदोई के संडीला थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव की दो महिलाओं ने आत्मदाह का प्रयास किया। यह दोनों महिलाएं मां और बेटी हैं, जिन्होंने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बचा लिया और हजरतगंज थाना ले जाकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं अपने पारिवारिक और संपत्ति विवाद को लेकर लंबे समय से परेशान थीं। उनका आरोप है कि गांव में उनके मकान और संपत्ति से जुड़े विवाद में उन्हें न्याय नहीं मिल रहा था, साथ ही स्थानीय थाने पर शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी और असुरक्षा की भावना के चलते वे अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए राजधानी लखनऊ पहुंची थीं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला संडीला थाना क्षेत्र के एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, जिसमें अभिषेक सिंह उर्फ अरविंद सिंह और उनके चाचा सर्वदमन सिंह के बीच तनाव चल रहा है। आरोप है कि शराब के नशे में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, चोरी से जुड़े कुछ आरोप जांच में गलत पाए गए हैं।
कोर्ट में तारीख पर पहुंची महिला पर क्यों बरसा कहर? फरसा-रॉड से हमले में 3 घायल, सैफई तक पहुंचा मामला
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, परिवार की ओर से लगाए गए कुछ आरोपों को पुलिस ने प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाया है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर विधानभवन जैसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र के सामने महिलाएं आत्मदाह जैसे कदम तक क्यों पहुंचीं?
क्या स्थानीय स्तर पर शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है, या फिर सिस्टम में कहीं गंभीर चूक है? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित थाने से भी रिपोर्ट तलब की जा रही है। दोनों महिलाएं सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
Location : New Delhi
Published : 15 June 2026, 7:36 PM IST
Topics : Hardoi News protest Vidhan Bhavan