हिंदी
प्रधान संघ में खुशी की लहर
Maharajganj: महराजगंज जिले के बृजमनगंज ब्लॉक में उस वक्त खुशी की लहर दौड़ गई जब ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को छह महीने तक बढ़ाए जाने का शासनादेश सामने आया। पंचायत चुनावों में हो रही देरी के चलते उत्तर प्रदेश सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया, जिसके बाद लंबे समय से असमंजस में चल रहे प्रधानों को बड़ी राहत मिली है। फैसले की खबर मिलते ही प्रधान संघ में उत्साह का माहौल बन गया और ब्लॉक परिसर जश्न का केंद्र बन गया।
प्रदेश सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अब निर्वतमान ग्राम प्रधानों को अगले छह महीने तक या पंचायत चुनाव संपन्न होने तक प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि पंचायत चुनावों में देरी के चलते स्थानीय प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। प्रधान संघ लंबे समय से यह मांग कर रहा था कि चुनाव न होने की स्थिति में मौजूदा प्रधानों को ही प्रशासक बनाकर विकास कार्यों को जारी रखा जाए। सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए सोमवार को आधिकारिक शासनादेश जारी कर दिया।
महराजगंज में बकरीद को लेकर हाई अलर्ट, 60 से ज्यादा मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस का कड़ा पहरा
जैसे ही यह खबर बृजमनगंज ब्लॉक में पहुंची, ग्राम प्रधानों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रधान संघ अध्यक्ष राजू सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रधान ब्लॉक परिसर में एकत्र हुए। यहां सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा हो गया और देर तक जश्न चलता रहा।
ग्राम प्रधानों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय गांवों के विकास के लिए बेहद जरूरी था। उनका कहना था कि सरकार ने जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगे। प्रधानों ने यह भी कहा कि जो विकास कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें इस बढ़े हुए कार्यकाल में पूरा किया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति बनी रहे।
महराजगंज में खनन माफियाओं पर सबसे बड़ा एक्शन… 71 वाहन सीज, मचा हड़कंप
इस मौके पर प्रधान संघ की एकजुटता भी देखने को मिली। कार्यक्रम में नीरज गौड़, असद अहमद, रमेश सिंह, प्रभाकर दूबे, बबलू चौबे, बबलू यादव, रामकेश यादव, रामकेश प्रजापति, दिलीप निषाद, समसुज जोहा, अशरफ अली, सोनू सिंह, पंकज यादव, दिनेश पांडेय, राजाराम साहनी, फूल कुंवर चौहान, तामेश्वर जायसवाल, दीनानाथ चौधरी, फेकू रावत, रामकमल चौधरी समेत दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार के फैसले को विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया।
Location : Maharajganj
Published : 27 May 2026, 8:06 PM IST