हिंदी
71 वाहन सीज, मचा हड़कंप
Maharajganj: महराजगंज में अवैध खनन कारोबार पर पुलिस और प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। दो दिन चले विशेष अभियान में 71 वाहनों को सीज कर दिया गया। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद जिलेभर में अवैध खनन से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।
महराजगंज जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर कई थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इस दौरान नदी किनारों, खनन प्रभावित इलाकों और निर्माण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की।
महराजगंज में 40 साल की महिला 14 वर्षीय लड़के संग रहने पर अड़ी, पुलिस थाने में घंटों चला ड्रामा
जांच के दौरान कई वाहन ऐसे पाए गए जो बिना वैध खनन अनुमति और परिवहन दस्तावेजों के मिट्टी और बालू का अवैध परिवहन कर रहे थे। जब वाहन चालकों से जरूरी दस्तावेज मांगे गए तो वे कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज कर दिया।
26 मई को हुई कार्रवाई
13 ट्रैक्टर-ट्रॉली,
07 लोडर,
02 जेसीबी मशीन,
02 डम्पर सीज किए गए।
27 मई को चला बड़ा अभियान
32 ट्रैक्टर-ट्रॉली,
05 लोडर,
02 जेसीबी मशीन,
05 डम्पर,
01 ट्रक,
01 पिकअप और
01 दोपहिया वाहन को सीज किया गया।
प्रशासन ने सभी मामलों में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन से सरकार को भारी राजस्व नुकसान होता है और पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Maharajganj
Published : 27 May 2026, 5:44 PM IST