
पीड़ित परिवार ने पुलिस आयुक्त की गाड़ी रोकी (Img: AI Generated Image)
Varanasi: वाराणसी में एक महिला ने न्याय पाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसने पुलिस प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एफआईआर दर्ज न होने से परेशान महिला ने पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर पहुंचकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की गाड़ी रोक दी। महिला ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपनी शिकायत रखी और जल्द कार्रवाई की मांग की।
महिला का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन जंसा थाने में शिकायत देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवार को कार्यालय बुलाया और पूरी बात सुनी।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति गुजरात में रहता है और वह अपनी बेटी व बेटे के साथ घर पर रहती है। आरोप है कि 23 जून की सुबह गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के सामने मड़ई रखकर रास्ता बंद कर दिया था। जब महिला और उसके बच्चों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में महिला की बेटी को चोट आई और उसका हाथ टूट गया। बेटे के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
कानपुर किडनी कांड: 12वीं पास रोहित निकला मास्टरमाइंड, 1000 पन्नों की चार्जशीट में खुला सच
पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ अभद्रता की और कपड़े खींचने की कोशिश की। घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी थी। महिला के मुताबिक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। उसका आरोप है कि थाने में भी उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अपनी शिकायत लेकर पहुंची महिला ने पुलिस आयुक्त से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। इसके बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मामले की जांच डीसीपी गोमती जोन को सौंप दी। अब पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच करेंगे और लगाए गए आरोपों की सच्चाई पता लगाएंगे। साथ ही घटना से जुड़े सबूत और मेडिकल रिपोर्ट भी देखी जाएगी।
Location : Varanasi
Published : 1 July 2026, 5:20 PM IST