UP Breaking News Live: उत्तर प्रदेश की हर बड़ी अपडेट, राजनीति से अपराध तक सबकुछ एक जगह

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 September 2026 , 12:15 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 28 Sep 2026 12:15 PM (IST)

      Deoria Protest: समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग

      देवरिया में विभिन्न मांगों को लेकर समूह सखियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। समूह सखियों का आरोप है कि दो वर्षों से अधिक समय से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने 1200 रुपये मासिक मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये करने, स्थायी राज्य कर्मचारी का दर्जा, दुर्घटना बीमा और ऑनलाइन कार्य के लिए मोबाइल व डाटा उपलब्ध कराने की मांग की।

    • 28 Sep 2026 12:15 PM (IST)

      BJP Appointment: बृजभूषण सिंह की दोहरी जिम्मेदारी पर सवाल

      मीरजापुर में भाजपा के सुल्तानपुर जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बृजभूषण सिंह मीरजापुर नगर के राजस्थान इंटर कॉलेज में शिक्षक बताए जा रहे हैं। नियुक्ति के बाद उनके शिक्षक पद और संगठनात्मक जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कुछ पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं।

    • 28 Sep 2026 12:13 PM (IST)

      Maharajganj Alert: त्रिमुहानी घाट पर सख्त निगरानी

      महराजगंज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने त्रिमुहानी घाट का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तटबंधों की स्थिति, जलस्तर और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को 24x7 सतर्क रहकर गश्त व निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

    • 28 Sep 2026 11:22 AM (IST)

      Sultanpur Rain: 30 हजार हेक्टेयर फसल हुई प्रभावित

      सुल्तानपुर में सितंबर के आखिरी दिनों में लगातार तीन दिन हुई बारिश और तेज हवा से नुकसान हुआ। खेतों में तैयार धान की फसल गिर गई, जबकि गन्ना, अरहर, उड़द और मक्का भी प्रभावित हुए। कच्चे मकान गिरने के साथ पेड़, बिजली के खंभे और तार टूट गए। प्रारंभिक आकलन में करीब 30 हजार हेक्टेयर फसल प्रभावित बताई गई है।

    • 28 Sep 2026 11:21 AM (IST)

      Maharajganj School: वायरल वीडियो से विभाग में हड़कंप

      महराजगंज के एक विद्यालय से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है। वीडियो में कथित तौर पर दो शिक्षकों के साथ मटन और शराब दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। रसोइया से कथित अभद्र व्यवहार और गलत इशारे का दृश्य भी बताया गया है। मामले को लेकर जांच की चर्चा तेज है।

    • 28 Sep 2026 11:19 AM (IST)

      Deoria Rain: नदियां उफान पर, खेतों में भरा पानी

      देवरिया में तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राप्ती, गोर्रा, घाघरा और गंडक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। निचले इलाकों में खेत जलमग्न होने से खरीफ फसलें डूब गई हैं। किसानों के सामने फसल बचाने के साथ पशुओं के चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से परेशानी बढ़ी।

    • 28 Sep 2026 11:13 AM (IST)

      Raebareli Bus: ओवरटेक के चलते डिवाइडर पर चढ़ी बस

      रायबरेली के हरचंदपुर और बछरावां थाना क्षेत्र के सेरी गांव के पास हाईवे पर बस हादसा हुआ। दिल्ली से मुसाफिरखाना जा रही बस ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और NHAI का पोल तोड़ते हुए दूसरे थाना क्षेत्र में जा घुसी। बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे, जिनमें आधा दर्जन को हल्की चोटें आईं।

    • 28 Sep 2026 11:12 AM (IST)

      Raebareli Crocodile: गांव में मगरमच्छ से मची दहशत

      रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र के जढैया गांव में सोमवार सुबह विशालकाय मगरमच्छ पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया। कोई हताहत नहीं हुआ। वन विभाग मगरमच्छ को अपने साथ ले गया। ग्रामीणों ने आसपास भी निगरानी की मांग की है।

    • 28 Sep 2026 10:56 AM (IST)

      Sultanpur News: एडीपीआरओ से 27 लाख की वसूली

      सुल्तानपुर में पंचायतीराज विभाग के एडीपीआरओ मनोज कुमार यादव के वेतन निर्धारण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच में वर्ष 2010 में ग्रेड पे 4200 से बढ़ाकर 4600 और वर्ष 2012 में 5400 रुपये किए जाने को नियमों के विपरीत पाया गया। इसके बाद 27 लाख 13 हजार 772 रुपये की अधिक भुगतान राशि 60 किश्तों में वसूलने का निर्णय लिया गया।

    • 28 Sep 2026 10:24 AM (IST)

      Deoria Pipeline: रिसाव से फैली तेज गंध, दहशत

      देवरिया के बैतालपुर डिपो के पास सड़क किनारे पाइपलाइन में रिसाव की सूचना से हड़कंप मच गया। आसपास पेट्रोल जैसी तेज गंध फैलने से लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने आग लगने की आशंका जताई है। सुरक्षा के लिए दो कर्मियों को तैनात किया गया है। जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बावजूद खबर लिखे जाने तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।

    • 28 Sep 2026 10:24 AM (IST)

      Farrukhabad Rain: धान फसल बर्बाद, किसानों को नुकसान

      फर्रुखाबाद में लगातार बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई क्षेत्रों के खेतों में पानी भरने से धान की खड़ी फसल डूब गई और तैयार फसल भी खराब होने लगी है। किसानों के मुताबिक, फसल जमीन पर गिरने से नुकसान बढ़ा है। बीज, खाद और दवा पर खर्च के बाद बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।

    • 28 Sep 2026 10:22 AM (IST)

      Maharajganj Flood: सैकड़ों ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला

      महराजगंज के निचलौल तहसील क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। गेढ़वा गांव में पानी बढ़ने के बाद सैकड़ों ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन ने भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं समेत तत्काल राहत की व्यवस्था की है। सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

    • 28 Sep 2026 10:22 AM (IST)

      Muzaffarnagar PDA: शाहपुर में सपा का बड़ा जनसंवाद

      मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने पीडीए जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। शाहपुर में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपा उम्मीदवार डॉ. सत्येंद्र पाल ने किया। उन्होंने अति पिछड़े समाज को पार्टी से जोड़ने की बात कही।

       

    • 28 Sep 2026 10:20 AM (IST)

      Mirzapur Traders: मंडलीय सम्मेलन में व्यापारी एकजुट

      मिर्जापुर नगर के रेलवे स्टेशन स्थित समाजवादी व्यापार सभा कार्यालय में मंडलीय सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल रहे। सम्मेलन में व्यापारियों को एक मंच पर लाने, संगठन को मजबूत करने और उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।

    • 28 Sep 2026 10:18 AM (IST)

      Bank Strike: देशव्यापी हड़ताल टली, ग्राहकों को राहत

      बैंकों की देशव्यापी हड़ताल टलने से ग्राहकों को राहत मिली है। बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया था। सरकार और बैंक यूनियनों के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया। विज्ञप्ति जारी होने के बाद अब बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे और ग्राहकों को परेशानी नहीं होगी।

    • 28 Sep 2026 10:17 AM (IST)

      Budaun Gaushala: गौवंशों की मौत पर उठे सवाल

      बदायूं के म्याऊं ब्लॉक की अभिगांव गौशाला में गौवंशों की मौत का मामला तूल पकड़ रहा है। शनिवार रात बड़ी संख्या में गौवंशों की मौत के बाद मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन और गौसेवकों के दावों में विरोधाभास सामने आया है। इससे गौशाला के संचालन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Location :  Lucknow

Published :  28 September 2026, 10:15 AM IST