जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: सराफा दुकान में लूट के बाद अधेड़ की हत्या

जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र में सराफा दुकान के बाहर सो रहे अधेड़ की हत्या के बाद दुकान में लूट की वारदात सामने आई। पुलिस ने जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 28 September 2026, 12:07 PM IST
google-preferred

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। सिकरारा थाना क्षेत्र के भभौरी गोदाम बाजार में सराफा दुकान के बाहर सो रहे अधेड़ की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। इसके बाद बदमाशों ने दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी सोमवार तड़के करीब तीन बजे हुई, जिसके बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

दुकान के बाहर सो रहे उदयराज की हत्या

मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उदयराज पिछले करीब 15 वर्षों से गोदाम बाजार में ही रहता था और रात में विंध्यवासिनी ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो जाता था।

बताया जा रहा है कि वह कम बातचीत करता था और कभी-कभार ही अपने घर जाता था। परिजनों के अनुसार, उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।

सिर पर वार कर हत्या, फर्श और दीवार पर मिले खून के निशान

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने रात में उदयराज के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया। घटनास्थल पर खून फैला मिला और दुकान की दीवार व फर्श पर भी खून के निशान पाए गए।

हत्या के बाद बदमाशों ने सराफा दुकान की लकड़ी की किवाड़ तोड़ दी और अंदर घुसकर सामान लूट लिया। दुकान में सामान बिखरा हुआ मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच, तीन टीमें गठित

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बाजार के दुकानदारों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

लूट और हत्या दोनों एंगल से जांच

विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के संचालक हिमांशु सेठ हैं। पुलिस दुकान से लूटे गए सामान का आकलन कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

Location :  Jaunpur

Published :  28 September 2026, 12:07 PM IST

Advertisement