
हमीरपुर में भीषण अग्निकांड (Img: Dynamite News)
Hamirpur: हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के बेरी रोड स्थित एक होटल में शनिवार को अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। आग लगते ही होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विशाल रूप ले लिया और उसकी चपेट में आने से एक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। राहत और बचाव कार्य के दौरान होटल में रखे पांच अन्य गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि ये सिलेंडर भी आग की चपेट में आ जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल विभाग के जवानों ने जोखिम उठाते हुए होटल के भीतर मौजूद अन्य गैस सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और आसपास के क्षेत्र को भी संभावित नुकसान से बचाया जा सका।
Location : Hamirpur
Published : 20 June 2026, 4:59 PM IST
Topics : hamirpur news hotel fire accident UP News UP Police