
69000 शिक्षक भर्ती पर उबाल
Lucknow: उत्तर प्रदेश में लंबे समय से लटकी 69000 शिक्षक भर्ती अब फिर से विस्फोटक मोड़ पर पहुंच गई है। नाराज अभ्यर्थी इस बार आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं और राजधानी लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और कई जगहों पर अभ्यर्थियों को घरों में ही नजरबंद किया जा रहा है।
लखनऊ में 22 अप्रैल को 69000 शिक्षक भर्ती से जुड़े आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी बड़ा धरना-प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस प्रदर्शन में सिर्फ अभ्यर्थी ही नहीं, बल्कि उनके परिजन भी शामिल होंगे। इससे साफ है कि यह आंदोलन अब बड़े जनसमर्थन का रूप लेता जा रहा है।
आंदोलन की घोषणा के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कई जिलों में सक्रिय अभ्यर्थियों को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है, ताकि वे लखनऊ पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल न हो सकें। शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और सुल्तानपुर जैसे जिलों में पुलिस ने आंदोलन से जुड़े युवाओं पर नजर कड़ी कर दी है।
सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, गुजरात में शिक्षक भर्ती का ऐलान, जानें आवेदन से जुड़ी जरूरी बातें
अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार इस मामले में कोई ठोस पहल नहीं कर रही है, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया लगातार लटकती जा रही है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे धनंजय गुप्ता और सुशील कश्यप ने कहा कि वर्षों से संघर्ष के बावजूद समाधान नहीं निकल पा रहा है।
यह मामला सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है। पहली सुनवाई सितंबर 2024 में हुई थी, लेकिन तब से लगातार तारीख पर तारीख मिल रही है। इस देरी से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे अब आंदोलन के जरिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
शिक्षक भर्ती का इंतजार खत्म! एडेड स्कूलों में 1262 पदों पर आवेदन तिथि बदली, जानें ताजा अपडेट
अभ्यर्थियों का यह भी आरोप है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की डबल बेंच के फैसले के बाद सरकार ने 6800 अभ्यर्थियों की सूची जारी की, लेकिन अब तक उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई। इससे अभ्यर्थियों में असंतोष और बढ़ गया है। उनका कहना है कि छह साल से वे सिर्फ इंतजार कर रहे हैं।
हाउस अरेस्ट और प्रशासनिक सख्ती के बावजूद अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि 22 अप्रैल को लखनऊ में प्रदर्शन हर हाल में होगा। उनका कहना है कि अब यह लड़ाई सिर्फ नौकरी की नहीं, बल्कि उनके भविष्य और सम्मान की है।
Location : Lucknow
Published : 21 April 2026, 8:57 PM IST